चरखी दादरी पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
पुष्पेंद्र कुमार,चरखी दादरी। पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने एक युवक को अवैध देशी कट्टे (पिस्टल) सहित गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी की पहचान राहुल कुमार निवासी सिधान मोहल्ला, वार्ड नं. 15, चरखी दादरी के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वीरवार को स्पेशल स्टाफ की टीम हैड कांस्टेबल मंजीत, EASI सोमबीर, EHC विकास, सिपाही अनूप, EASI राजेश सरकारी वाहन में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए लोहारू चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एक विश्वसनीय सूचना मिली कि राहुल कुमार निवासी सिधान मोहल्ला, वार्ड नं. 15, चरखी दादरी अपने पास अवैध हथियार लेकर हुड्डा सेक्टर-8/9, कलियाणा रोड के पास खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की।
तलाशी में मिला कट्टा
पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध युवक तेज कदमों से वहां से निकलने का प्रयास करने लगा, जिसे शक के आधार पर पुलिस टीम ने काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान राहुल कुमार निवासी सिधान मोहल्ला, वार्ड नं. 15, चरखी दादरी के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की दाहिनी जेब से एक अवैध देशी कट्टा (पिस्टल) बरामद हुआ।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
आरोपी से हथियार का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने बरामद देशी कट्टा (पिस्टल) को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध थाना शहर चरखी दादरी में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के लिए आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

