चरखी दादरी के गांव पालड़ी में जमीनी विवाद के चलते कुल्हाड़ी और जेली से हमला करने के मामले में झोझू कलां थाना पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी और अब अन्य आरोपियों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुष्पेंद्र कुमार,चरखी दादरी। पुलिस ने जमीनी विवाद में मारपीट के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि दिनांक 12.05.2026 को गांव पालड़ी निवासी राजकुमार ने थाना झोझू कलां में शिकायत दी थी कि लगभग 25-30 वर्षों से जोत-बोई जा रही कृषि भूमि पर कब्जा करने की नीयत से उसके चाचा सतबीर व उनके पुत्र अरुण व अजय ने पोल एवं तार लगाकर रास्ता रोका तथा विरोध करने पर कुल्हाड़ी एवं जेली से हमला कर राजकुमार, उसके पिता रामसिंह तथा भाई संजय को गंभीर चोटें मारकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
पहले आरोपी से बरामदगी
शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मामले में आरोपी अजय को पहले गिरफ्तार किया गया था, उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त जेली तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई थी।
दो और आरोपी गिरफ्तार
वीरवार को थाना झोझू कलां में तैनात ASI रणबीर ने आरोपी सतबीर और अरुण को गिरफ्तार किया। आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ियां बरामद की गईं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

