चरखी दादरी जिला पुलिस ने पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के मार्गदर्शन में नशा तस्कर ययाति जाखड की लाखों रुपये की अवैध चल-अचल संपत्ति को नियमानुसार जब्त कर लिया है।

पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से माननीय पुलिस महानिदेशक हरियाणा के दिशा-निर्देशानुसार तथा चरखी दादरी पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के मार्गदर्शन में जिला चरखी दादरी पुलिस द्वारा जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध व्यापक अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 22 जून 2026 को उप-पुलिस अधीक्षक धीरज कुमार के नेतृत्व में थाना शहर प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर एवं पुलिस टीमों ने पूर्व में गिरफ्तार किये गये नशा तस्कर ययाति जाखड निवासी दरियाव सिंह वाली गली, नजदीक बस स्टैंड, चरखी दादरी द्वारा नशे की तस्करी से अर्जित लाखों रुपये की संपत्ति को पुलिस द्वारा नियमानुसार जब्त किया गया। पुलिस टीम ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी की नशा बेचकर अर्जित संपत्ति को जब्त कर कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

अवैध कमाई को खत्म करेगी पुलिस

पुलिस अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर भी कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें नियमानुसार जब्त किया जा रहा है। जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले एक माह के दौरान करीब 10 नशा तस्करों की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को भी जब्त किया जा चुका है। पुलिस का मानना है कि केवल गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपराध से अर्जित आर्थिक लाभ को समाप्त करना भी नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसी सोच के साथ जिला पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों की संपत्तियों का पता लगाकर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई कर रही है।

जनता से की सहयोग की अपील

पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने कहा कि जिला चरखी दादरी को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने का अभियान भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा और अपराध से अर्जित प्रत्येक अवैध संपत्ति पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को अपने क्षेत्र में नशा तस्करी, नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पहचान को रखा जाएगा गुप्त

एसपी लोगेश कुमार ने आम जनता को भरोसा दिलाया कि इस प्रकार की संवेदनशील सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को पुलिस प्रशासन द्वारा पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही जिले को पूरी तरह से नशामुक्त, सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने अंत में बतलाया कि नशे के विरुद्ध यह विशेष अभियान भविष्य में भी और अधिक प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर जारी रहेगा तथा नशा तस्करों के खिलाफ कानून के दायरे में रहकर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस सफल अभियान के बाद से क्षेत्र के नशा माफियाओं में हड़कंप मच गया है।