चरखी दादरी के पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने नशीले पदार्थों की बिक्री और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए समसपुर गांव का पैदल निरीक्षण किया और ग्रामीणों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
पुष्पेंद्र कुमार, चरखी दादरी। जिले में नशीले पदार्थों की बढ़ती बिक्री, संदिग्ध गतिविधियों और स्थानीय अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (SP) लोगेश कुमार ने गांव समसपुर का विशेष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव की प्रत्येक गली, चौक और मुख्य मार्गों का बारिकी से पैदल निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए एसपी ने ग्रामीणों के साथ एक अहम बैठक की, जिसमें सुरक्षा एवं नशामुक्ति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। गांव में बढ़ती नशे की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तुरंत प्रभाव से समसपुर में ईआरवी (ERV), पुलिस राइडर और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के आदेश जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को गांव के प्रवेश और निकास मार्गों पर विशेष नाकेबंदी कर बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के सख्त निर्देश दिए।
सीसीटीवी कैमरों की कमान अब पुलिस कंट्रोल रूम के पास
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने बैठक में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए रात के समय गांव में ‘ठीकरी पहरा’ शुरू करने की विशेष हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का साझा दायित्व है। यदि ग्रामीण स्वयं जागरूक होकर संदिग्ध वाहनों और असामान्य गतिविधियों पर नजर रखेंगे, तो चोरी और नशा तस्करी जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाई जा सकती है। इसके साथ ही एसपी ने गांव में सुरक्षा के लिहाज से लगे सीसीटीवी कैमरों की वर्तमान स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने मातहत अधिकारियों को निर्देश दिए कि समसपुर गांव में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों के फीड को सीधे जिला पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा जाए और वहां से चौबीसों घंटे इसकी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
पंचायत को लाइटें दुरुस्त करने के निर्देश, ग्रामीणों ने दिया सहयोग का भरोसा
एसपी ने चेतावनी दी कि गांव में मादक पदार्थों की बिक्री या सेवन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संलिप्त पाए जाने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने सरपंच और मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों को विशेष निर्देश दिए कि गांव की गलियों, चौकों और मुख्य सड़कों पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए। साथ ही, उन अंधेरे स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें लगाने को कहा जहां असामाजिक तत्व बैठकर गलत गतिविधियों को अंजाम देते हैं। पुलिस अधीक्षक की इस जमीनी पहल की सराहना करते हुए समसपुर के ग्रामीणों और पंचायत ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और गांव को नशामुक्त व अपराधमुक्त बनाने का संकल्प लिया।

