Technology Desk – ओपनएआई ने ChatGPT में एक नया हेल्थ फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से यूजर अपने Apple Health डेटा और सपोर्टेड मेडिकल रिकॉर्ड्स को ChatGPT से जोड़ सकते हैं। इस सुविधा के बाद ChatGPT आपकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी को समझकर उसी के आधार पर जवाब देगा। फिलहाल यह फीचर अमेरिका में 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लॉग-इन यूजर्स के लिए वेब और iOS प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है।

मेडिकल रिपोर्ट को आसान भाषा में समझाएगा ChatGPT
अक्सर लैब रिपोर्ट या ब्लड टेस्ट के नतीजे आम लोगों के लिए समझना आसान नहीं होता। नए फीचर के जरिए ChatGPT मेडिकल रिपोर्ट को सरल भाषा में समझा सकेगा। यदि आपकी नई रिपोर्ट पहले की रिपोर्ट से अलग है, तो यह दोनों की तुलना करके बदलाव भी बता सकेगा। साथ ही डॉक्टर से मिलने से पहले किन सवालों पर चर्चा करनी चाहिए, इसमें भी मदद करेगा।
Apple Health डेटा से मिलेगा बेहतर हेल्थ सपोर्ट
यदि यूजर अपनी अनुमति देकर Apple Health और सपोर्टेड मेडिकल रिकॉर्ड्स को ChatGPT से जोड़ता है, तो यह दवाइयों, एलर्जी, हाल की मेडिकल विजिट, लैब रिपोर्ट, नींद और रोजाना की एक्टिविटी जैसी जानकारी को ध्यान में रखकर जवाब देगा। इससे हर बार मेडिकल रिकॉर्ड अपलोड करने या पूरी हेल्थ हिस्ट्री दोबारा बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूजर चैट में @Health लिखकर भी अपनी हेल्थ जानकारी का उपयोग कर सकता है।
रोजमर्रा की हेल्थ प्लानिंग भी होगी आसान
यह फीचर सिर्फ मेडिकल रिपोर्ट समझाने तक सीमित नहीं है। यदि कोई यूजर खानपान, डाइट या किसी रेस्टोरेंट के बारे में पूछता है, तो ChatGPT उसकी फूड एलर्जी या डाइट संबंधी प्रतिबंधों को ध्यान में रखते हुए सुझाव दे सकता है। वहीं नींद, वर्कआउट और फिजिकल एक्टिविटी का डेटा देखकर बेहतर हेल्थ रूटीन बनाने में भी सहायता करेगा।
प्राइवेसी और डेटा सुरक्षा पर रहेगा पूरा नियंत्रण
ओपनएआई का कहना है कि यूजर की अनुमति के बिना हेल्थ डेटा का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। कंपनी के अनुसार Apple Health और मेडिकल रिकॉर्ड्स से जुड़ी जानकारी का उपयोग AI मॉडल को ट्रेन करने या विज्ञापन दिखाने के लिए भी नहीं होगा। हेल्थ डेटा अतिरिक्त एन्क्रिप्शन के साथ सुरक्षित रखा जाएगा। यदि कोई यूजर अपना हेल्थ अकाउंट डिस्कनेक्ट करता है, तो उस स्रोत से सिंक किया गया डेटा 30 दिनों के भीतर हटा दिया जाएगा। हालांकि पहले की चैट तब तक सुरक्षित रहेंगी, जब तक यूजर उन्हें स्वयं डिलीट नहीं करता।
GPT-5.6 देगा पहले से बेहतर हेल्थ एक्सप्लेन
ओपनएआई के मुताबिक, नए GPT-5.6 मॉडल को सैकड़ों डॉक्टरों के सहयोग से हेल्थ संबंधी कई परीक्षणों से गुजारा गया है। कंपनी का दावा है कि यह मॉडल मेडिकल जानकारी को आसान भाषा में समझाने, जरूरी सवाल सुझाने और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह देने में पहले से बेहतर प्रदर्शन करता है। हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि ChatGPT डॉक्टर का विकल्प नहीं है और किसी भी गंभीर स्वास्थ्य निर्णय के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।


