चतरा। जमीन के म्यूटेशन के लिए रिश्वत मांगना राजस्व कर्मचारी को महंगा पड़ गया। चतरा सदर अंचल क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई करीब दोपहर 12:45 बजे सदर अंचल के कर्मचारी भवन में की गई।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, लेम पंचायत हल्का संख्या सात में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद पर जमीन के म्यूटेशन के बदले एक व्यक्ति से रिश्वत मांगने का आरोप था। परेशान व्यक्ति ने इसकी शिकायत एसीबी से की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने आरोपी कर्मचारी को पकड़ने के लिए पूरी योजना तैयार की।
10 हजार रुपये लेते ही टीम ने दबोचा
तय योजना के अनुसार मंगलवार को शिकायतकर्ता रिश्वत की रकम लेकर राजस्व कर्मचारी के पास पहुंचा। जैसे ही सतीश कुमार ने उससे 10 हजार रुपये लिए, आसपास मौजूद एसीबी अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
एसीबी टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। अचानक हुई कार्रवाई से कर्मचारी भवन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गिरफ्तार कर्मचारी को हजारीबाग ले गई टीम
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम राजस्व कर्मचारी सतीश कुमार को अपने साथ हजारीबाग ले गई। वहां उससे पूछताछ के साथ मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
राजस्व विभाग में मचा हड़कंप
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद सदर अंचल कार्यालय सहित राजस्व विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। एसीबी अब यह भी जांच कर रही है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में आरोपी कर्मचारी की भूमिका तक सीमित है या इससे जुड़े अन्य लोगों की भी कोई संलिप्तता है।
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें



