हंटरगंज (चतरा)। विद्यालय जाने की तैयारी कर रहे एक सहायक अध्यापक की मंगलवार सुबह अचानक करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा हंटरगंज थाना क्षेत्र की तिलहेत पंचायत के भलुआहा गांव में करीब सुबह 9 बजे हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी सहायक अध्यापक अशोक यादव के रूप में हुई है।

घर में बिजली के तार की चपेट में आए

जानकारी के अनुसार, अशोक यादव मंगलवार को स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान वह घर में बिजली प्रवाहित तार के संपर्क में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मचा कोहराम

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। अचानक हुई मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में घटना की खबर पूरे इलाके में फैल गई।

शिक्षक समुदाय में शोक

सहायक अध्यापक अशोक यादव की मौत की खबर से प्रखंड क्षेत्र के शिक्षक समुदाय में भी शोक की लहर दौड़ गई। साथी शिक्षकों ने उनके निधन पर दुख जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अचानक हुए इस हादसे ने ग्रामीणों और शिक्षकों को स्तब्ध कर दिया है।