चतरा। सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत के पूरनाडीह गांव में शुक्रवार को तड़गू नदी से दो बच्चों के शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नदी के अंदर और किनारे से दोनों शव बरामद किए। फिलहाल दोनों बच्चों की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, उनके साथ नदी में नहाने गए तीसरे बच्चे का भी कोई पता नहीं चल पाया है।
तीन बच्चे नदी में नहाने गए थे
स्थानीय जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह तीन बच्चे तड़गू नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान दो बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए और डूब गए। कुछ देर बाद नदी में दो बच्चों के शव दिखाई दिए।
तीसरा बच्चा भी पानी में डूबा है या घटना के बाद वहां से निकलकर कहीं चला गया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं।
नदी किनारे मिला बच्चों का सामान
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने घटनास्थल के आसपास दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल और दो बैग समेत अन्य सामान बरामद किया है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह सामान नदी में नहाने गए तीनों बच्चों का ही है या किसी अन्य व्यक्ति का।
पहचान कराने में जुटी पुलिस
दो शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के ग्रामीणों से भी बच्चों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही तीसरे बच्चे की तलाश भी लगातार जारी है।घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है।
पुलिस बोली- सामान की भी जांच की जा रही
सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से मिले सामान के बारे में भी पता लगाया जा रहा है कि वह तीनों बच्चों का है या किसी अन्य का। बच्चों की पहचान और तीसरे बच्चे की तलाश के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।



