कुरुक्षेत्र। हरियाणा की राजनीति में चौटाला परिवार का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं है। अब इसी राजनीतिक परिवार की नई पीढ़ी का कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (KUK) से जुड़ाव एक बार फिर चर्चा में है। जननायक जनता पार्टी (JJP) के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में मास्टर ऑफ आर्ट्स (MA) पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए आवेदन फॉर्म जमा किया है।

दिग्विजय चौटाला का यूनिवर्सिटी में दाखिला इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि उनके पिता और पूर्व सांसद डॉ. अजय सिंह चौटाला का भी कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से गहरा अकादमिक नाता रहा है। अजय चौटाला ने इसी विश्वविद्यालय से अपनी उच्च शिक्षा हासिल की और यहीं से शोध कार्य पूरा कर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की थी।
अब पिता के उसी अकादमिक पड़ाव पर बेटे की दस्तक ने इस घटनाक्रम को सामान्य दाखिले से कहीं अधिक दिलचस्प बना दिया है। राजनीति की व्यस्त पारी के बीच दिग्विजय का दोबारा पढ़ाई की ओर रुख विश्वविद्यालय के साथ-साथ राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बन गया है।
राजनीति के बीच पढ़ाई की ओर कदम
दिग्विजय चौटाला जेजेपी के प्रमुख युवा चेहरों में शामिल हैं। छात्र राजनीति से लेकर प्रदेश के युवाओं से जुड़े मुद्दों तक वे लगातार सक्रिय रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक गतिविधियों के बीच MA की पढ़ाई के लिए विश्वविद्यालय का रुख करना उनके लिए एक अलग पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि, उनके दाखिले के पीछे किसी राजनीतिक रणनीति या भविष्य की योजना को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन चौटाला परिवार और कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी का पुराना रिश्ता इस पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक और अकादमिक, दोनों नजरिए से खास जरूर बना रहा है।
पिता के बाद बेटे का KUK से रिश्ता
एक ही परिवार की दो पीढ़ियों का एक ही विश्वविद्यालय से जुड़ना अपने आप में दिलचस्प संयोग है। अजय चौटाला ने जहां कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा हासिल कर शोध के क्षेत्र में कदम बढ़ाया, वहीं अब दिग्विजय चौटाला उसी विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर की पढ़ाई करने जा रहे हैं।
दिग्विजय के KUK में दाखिले की खबर सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर से लेकर प्रदेश के राजनीतिक हलकों तक इसकी चर्चा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि चौटाला परिवार का यह पुराना KUK कनेक्शन दिग्विजय की नई अकादमिक पारी के साथ किस रूप में आगे बढ़ता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

