पंकज श्रीवास्तव/छपरा: सारण जिले के भेल्दी थाना अंतर्गत एनएच-722 पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की कुचलकर मौत हो गई। घटना सराय बक्स पलमवा पुल के पास हुई, जहां बालू लदे एक अनियंत्रित 18-चक्का ट्रक ने साइकिल सवार को न केवल जोरदार टक्कर मारी, बल्कि उन्हें लगभग 40 फीट तक सड़क पर घसीटते हुए ले गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीड़ित ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

​मृतक की पहचान और घटना का विवरण

​मृतक की पहचान रज्जूपुर निवासी स्व. रामदयाल सिंह के छोटे पुत्र शैलेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शैलेन्द्र गरखा बाजार से घर का आवश्यक सामान लेकर साइकिल से वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे सराय बक्स पलमवा पुल के समीप पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना उनके परिजनों को दी।

​परिजनों का विलाप और सड़क जाम

​मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। शव को देखते ही पत्नी वीणा देवी, पुत्र पिन्टू सिंह और पुत्री शिल्पी कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था। न्याय और उचित मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे एनएच-722 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

​प्रशासन की पहल और पोस्टमार्टम

​जाम की सूचना मिलते ही अमनौर अंचलाधिकारी और भेल्दी थानाध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। स्थानीय मुखिया गौतम साह और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अंचलाधिकारी द्वारा पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी मुआवजा दिलाने का लिखित आश्वासन दिया गया, जिसके बाद ग्रामीण शव को पुलिस को सौंपने के लिए तैयार हुए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।