पंकज श्रीवास्तव/छपरा, सारण। जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र में आज दिनदहाड़े अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। संढ़वारा बाजार के निकट उत्तर काली माई स्थान के पास अज्ञात बदमाशों ने केरवा पंचायत के पैक्स प्रबंधक को अपना निशाना बनाया। इस घटना में अपराधियों ने न केवल लाखों की नगदी लूटी बल्कि विरोध करने पर प्रबंधक को चाकुओं से गोदकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार केरवा पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह के प्रबंधक छोटे साह सोमवार को दोपहर मोटरसाइकिल से डोइला गांव स्थित एक राइस मिल में मिलर को भुगतान करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह संढ़वारा बाजार के निकट पहुंचे, घात लगाकर बैठे अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने लूटपाट के दौरान छोटे साह पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे बुरी तरह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
अपराधियों ने मोटरसाइकिल समेत लूटी रकम
हमलावरों ने प्रबंधक को घायल करने के बाद उनकी मोटरसाइकिल छीन ली। इसी मोटरसाइकिल की डिक्की में 5 लाख 60 हजार रुपये नकद रखे हुए थे जिसे लेकर बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत इसुआपुर सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, पीड़ित को करीब छह बार चाकू मारा गया है जिससे उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही इसुआपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इलाके में नाकेबंदी कर पुलिस की अलग-अलग टीमें संदिग्धों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी कर रही हैं। सारण एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द लुटेरों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और पैक्स कर्मियों में भारी आक्रोश और डर का माहौल व्याप्त है।

