राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ छतरपुर (बकस्वाहा)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले अंतर्गत बकस्वाहा के प्रतिष्ठित ‘सीएम राइज स्कूल’ से गुरु-शिष्य की परंपरा को तार-तार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। कक्षा 5वीं में पढ़ने वाले 11 वर्षीय छात्र के साथ शिक्षक द्वारा कथित तौर पर मारपीट करने और जब माता-पिता विरोध दर्ज कराने पहुंचे तो उनके साथ अभद्रता कर भगा देने का मामला सामने आया है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें: संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटरों की बल्ले-बल्ले! 50 हजार कर्मचारियों के वेतन पर बड़ा फैसला, 2400 ग्रेड पे का रास्ता हुआ साफ
10:30 बजे अचानक रोते हुए घर पहुंचा मासूम
पीड़ित छात्र अमृत प्रजापति की मां सविता प्रजापति ने बकस्वाहा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे उनका बेटा रोजाना की तरह स्कूल गया था। लेकिन महज एक घंटे बाद 10:30 बजे वह अचानक रोता हुआ घर वापस लौट आया। जब मां ने कारण पूछा, तो मासूम ने बताया कि स्कूल में शिक्षक नितिन कुर्मी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और धक्के देकर क्लास से बाहर निकाल दिया।
बात करने पहुंचे माता-पिता तो टीचर ने दिखाया रौब
बच्चे के शरीर पर चोट और आपबीती सुनकर जब पिता अपनी पत्नी सविता के साथ कारण जानने स्कूल पहुंचे, तो आरोप है कि शिक्षक नितिन कुर्मी ने अपनी गलती मानने के बजाय परिजनों के साथ बेहद अभद्र और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार किया। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक ने उन्हें डराते-धमकाते हुए तुरंत स्कूल परिसर से बाहर निकल जाने को कह दिया।
ये भी पढ़ें: ABVP का हल्ला बोल: टूटी बेंचों और टपकती छतों वाले कॉलेजों पर भड़का गुस्सा, कलेक्ट्रेट में घुसकर दिया अल्टीमेटम!
पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद परिजनों ने बकस्वाहा थाना पहुंचकर आरोपी शिक्षक नितिन कुर्मी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। परिजनों ने बच्चे की सुरक्षा और उसके भविष्य की चिंता जताते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। सरकारी खर्चे पर उच्च स्तरीय व्यवस्थाओं के लिए जाने जाने वाले ‘सीएम राइज स्कूल’ में इस तरह की घटना से बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

