राकेश चतुर्वेदी, छतरपुर/भोपाल। मध्य प्रदेश के छतरपुर में सागर लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। जमीन के नामांतरण के नाम पर 15 हजार की रिश्वत लेते हुए तहसील के एक बाबू को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। मामला बक्सवाहा तहसील कार्यालय का है।
फरियादी कृष्णकांत बिलथरे ने शिकायत की थी कि उसकी जमीन के नामांतरण के एवज में बाबू राजेंद्र श्रीवास्तव 25 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। फरियादी 10 हजार रुपए पहले ही दे चुका था और बाकी 15 हजार रुपए आज देना तय हुआ था। फरियादी की शिकायत पर सागर लोकायुक्त ने शिकायत का सत्यापन किया और आज ट्रैप की योजना बनाई।
प्लान के तहत फरियादी को केमिकल लगे 15 हजार रुपए देकर तहसील कार्यालय भेजा गया। जैसे ही फरियादी ने बाबू को पैसे दिए, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे दबोच लिया। टीम ने मौके से रिश्वत की रकम बरामद कर ली है और नामांतरण से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



