रणधीर परमार, छतरपुर। सोशल मीडिया का अंधा क्रेज आज के दौर में हंसते-खेलते परिवारों के टूटने का सबब बनता जा रहा है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला जिला मुख्यालय के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां इंस्टाग्राम पर रील्स देखते-देखते पांच बच्चों की मां को एक अन्य युवक से प्यार हो गया। इसके बाद महिला अपनी एक दुधमुंही बच्ची को साथ लेकर प्रेमी संग रफूचक्कर हो गई। पति की शिकायत पर सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से महिला को उसके प्रेमी के साथ बरामद करने में सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति मूल चंद्र अहिरवार अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था और समय-समय पर घर पैसे भेजता था। घर पर उसकी पत्नी अपनी पांच बेटियों के साथ अकेली रहती थी। इसी एकांत के बीच महिला मोबाइल पर इंस्टाग्राम के जरिए ब्रजेश अहिरवार नामक युवक के संपर्क में आई। देखते ही देखते दोनों के बीच रील्स और चैटिंग का सिलसिला शुरू हुआ, जो महज 5 से 6 महीनों में गहरे प्रेम संबंधों में तब्दील हो गया। बीते दिनों महिला घर से दवा कराने के बहाने निकली और अपनी एक बेटी को साथ लेकर फरार हो गई। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
ये भी पढ़ें: राजधानी में बर्थडे पार्टी के बाद शराब के नशे में दौड़ाई कार: 10-12 KM तक राहगीरों-वाहनों और ठेलों को ठोका, कई घायल
दिल्ली से वापस लौटे पीड़ित पति ने सिटी कोतवाली थाने में पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और साइबर सेल की मदद से घेराबंदी करते हुए महिला और उसके प्रेमी को विदिशा से ढूंढ निकाला। मामले में नया मोड़ तब आया जब पूछताछ के दौरान प्रेमी ने बताया कि महिला ने उससे अपनी पांच बेटियों का सच छुपाया था और सिर्फ दो बच्चे होने की बात कही थी। वहीं पति का आरोप है कि पांच बेटियां होने के कारण पत्नी उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

