रणधीर परमार, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां जहरीला खाना खाने से एक ही परिवार के तीन नाबालिग बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। यह पूरा मामला मातगुवां थाना अंतर्गत पिपोरा गांव का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक जांच में मृत बच्चों ने रात में बैगन का भरता परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खाया था, लेकिन अन्य सदस्यों का न तो स्वास्थ्य बिगड़ा और न कोई लक्षण दिखे। बावजूद इसके तीन बच्चों की खाना खाने के बाद मौत हो जाने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें: महिला की मौत के बाद 66 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव! उज्जैन में स्वाइन फ्लू को लेकर चेतावनी जारी
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि बच्चियों ने रात में खाना खाया था। जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई, उन्हें अस्पताल भी ले जाया गया। जहां पूनम कुशवाहा (7) मनीषा कुशवाहा (3) चाहत कुशवाहा (9 माह) को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल खाने में उपयोग की गई चीजे जप्त कर जांच शुरू कर दी हैं। पुलिस ने दफनाये गये शवों को खोदकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सीएमएचओ राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि रात में बैगन का भरता और रोटी बनी थी। परिवार में 10-15 सदस्य है, जिसमें 7-8 बच्चे है। बच्चों ने बैगन का भरता खाया। रात में खाना खाने के बाद सभी सो गए। अचानक रात में एक बच्चे को दस्त की शिकायत हुई। वहीं सुबह एक बच्ची को उलटी हुई। जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं 9 माह की बच्ची जिसे उसकी मां ने सुबह दूध पिलाया था, उसकी भी मृत्यु हो गई। पुलिस से सूचना मिली है कि तीनों बच्चियों को दफना दिया गया है। सीएमएचओ ने बताया कि खाने का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जांच पड़ताल के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
वहीं थाना प्रभारी अंकुर चौबे ने बताया कि सूचना मिली थी कि पिपोरा गांव के रहने वाले बालमुकुंद कुशवाहा के तीन बच्चों की मृत्यु हो गई। पूनम, मनीषा और चाहत तीनों की रात में तबीयत बिगड़ गई थी। सुबह अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रथम दृष्टया खाना (बैगन भरता) खाने से उलटी दस्त होने की आशंका है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच पड़ताल की जा रही है। विसरा रिपोर्ट के बाद ही खुलासा हो सकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

