सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को राज्य की भाजपा सरकार पर शिक्षा, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य और धान खरीदी समेत कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी व्यवस्थाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं और सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय दिखावे की राजनीति में व्यस्त है।

शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

दीपक बैज ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कई स्कूल ऐसे हैं, जहां बच्चों के लिए स्कूल भवन तक उपलब्ध नहीं है। कई स्कूलों के भवन जर्जर हालत में हैं और बारिश के दौरान उनकी छतों से पानी टपक रहा है।

उन्होंने कहा कि धमतरी में शिक्षकों की कमी से परेशान होकर बच्चों ने स्कूल में ताला लगा दिया। धमधा में स्कूल भवन नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए बैज ने कहा कि यह शिक्षा मंत्री का ही जिला है, इसके बावजूद वहां की स्थिति चिंताजनक है।

बस्तर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां दो साल से स्कूल भवन का निर्माण पूरा नहीं हुआ है और बच्चे पंचायत भवन में पढ़ने को मजबूर हैं। बैज ने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों तक अब तक न किताबें पहुंची हैं और न ही ड्रेस। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री को रील बनाने से फुर्सत नहीं है और सरकार ने प्रदेश के स्कूली सिस्टम को बर्बाद कर दिया है।

कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला

प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी पीसीसी चीफ ने सरकार को घेरा। उन्होंने इसे असहनीय बताते हुए कहा कि राजधानी रायपुर में महिलाओं की हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। बैज ने आरोप लगाया कि एक ही दिन में एक महिला के साथ दो बार गैंगरेप जैसी गंभीर घटना होना प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू कमिश्नरी व्यवस्था भी फेल हो चुकी है। बैज ने गृहमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें फोटो सेशन से फुर्सत नहीं है। उन्होंने दावा किया कि अपराध के मामले में छत्तीसगढ़ अब उत्तर प्रदेश और बिहार को भी पीछे छोड़ रहा है।

सुप्रिया श्रीनेत पर FIR को लेकर भी निशाना

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के मामले में दीपक बैज ने भाजपा नेता अजय चंद्राकर से इस मामले की असलियत बताने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।

बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक नहीं, 10 एफआईआर भी दर्ज कर दी जाएं, लेकिन दबाव की राजनीति बंद होनी चाहिए।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर स्वास्थ्य मंत्री को घेरा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को पहले अपने जिले की व्यवस्था संभालनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर में लोग मलेरिया और डायरिया जैसी बीमारियों से जान गंवा रहे हैं।

बैज ने दवाओं की खरीदी को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से दवाओं की खरीदी की जा रही है और अमानक तथा नकली दवाएं खरीदे जाने का मामला सामने आ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से इसके लिए जनता से माफी मांगने की मांग की।

धान खरीदी और संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण करेगी कांग्रेस

धान खरीदी को लेकर दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की टीम प्रदेश के धान खरीदी और संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह धान खुले में पड़ा हुआ है और धान को जानबूझकर भिगोया जा रहा है।

बैज ने कहा कि धान की खरीदी से लेकर उसके उठाव तक भ्रष्टाचार हो रहा है। कांग्रेस की टीम मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच करेगी और जांच के माध्यम से कथित भ्रष्टाचार को सामने लाएगी।

खुले नाले में बच्चे की मौत पर भी सरकार को घेरा

खुले नाले में बच्चे की मौत को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बैज ने कहा कि खुली नाली को ढंकना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जनता को सुरक्षित नहीं रख सकती तो उसे सत्ता की कुर्सी छोड़ देनी चाहिए।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति पर तंज

भाजपा में प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर भी बैज ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार महीने से भाजपा का प्रदेश प्रभारी नहीं है। उनके मुताबिक बिना प्रदेश प्रभारी के भाजपा विकलांग हो चुकी है और बिना सिर-पैर के काम कर रही है।

पीसीसी चीफ के इन बयानों के जरिए कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश सरकार को घेरते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और धान खरीदी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H