सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ का पिछले 16 दिनों से जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन मंगलवार को समाप्त हो गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और पावर कंपनी के उच्च प्रबंधन के साथ हुई सौहार्दपूर्ण चर्चा तथा कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद संघ ने आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया। इसके साथ ही संघ ने सभी संविदा कर्मचारियों से बुधवार से अपने-अपने कार्यस्थलों पर पूर्ववत ड्यूटी जॉइन करने की अपील की है।

narayana

नियमितीकरण और समायोजन की मांग पर हुई चर्चा

आंदोलन समाप्त करने से पहले संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात कर अपनी एक सूत्रीय मांग नियमितीकरण एवं समायोजन को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष हरी चरण साहू, प्रदेश महामंत्री कमलेश भारद्वाज, संयुक्त महामंत्री योगेश साहू, पूर्व महामंत्री उमेश पटेल, प्रदीप राठौर, बाल कृष्ण, अमित साहू, विजय साहू और योगेश चौहान शामिल रहे।

संघ के प्रतिनिधियों ने संविदा कर्मचारियों की समस्याओं और वर्षों से लंबित मांगों से विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया।

डॉ. रमन सिंह ने दिया शीघ्र समाधान का भरोसा

बैठक के दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि संविदा कर्मचारियों की जायज मांगों पर शासन और पावर कंपनी प्रबंधन स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा।

उन्होंने दूरभाष पर ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव से चर्चा कर संविदा कर्मचारियों की मांगों की समीक्षा करने और जल्द समाधान का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

उपभोक्ताओं के हित में वापस लिया आंदोलन

संघ ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष की सकारात्मक पहल और सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद प्रदेशहित तथा आम उपभोक्ताओं को हो रही असुविधा को देखते हुए आंदोलन तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।

संघ ने उम्मीद जताई कि शासन द्वारा दिए गए आश्वासनों पर समयबद्ध कार्रवाई होगी और संविदा कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों का जल्द समाधान निकलेगा।

संघ ने विधानसभा अध्यक्ष का जताया आभार

छत्तीसगढ़ विद्युत संविदा कर्मचारी संघ ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल से सकारात्मक संवाद का रास्ता खुला है। संघ ने सभी संविदा कर्मचारियों से अपील की है कि वे बुधवार से अपने-अपने कार्यस्थलों पर नियमित रूप से उपस्थित होकर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।

आंदोलन समाप्त होने से कर्मचारियों को मिलेंगे ये लाभ

आंदोलन समाप्त होने के बाद कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण राहत मिलने की बात कही गई है। इनमें प्रमुख रूप से—

निशर्त और तत्काल कार्य पर वापसी।

आंदोलन अवधि के वेतन कटौती में राहत।

बीमा एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ।

शासन और प्रबंधन के साथ विश्वास एवं सकारात्मक संवाद की बहाली।

करीब 16 दिनों तक चले इस आंदोलन के समाप्त होने से बिजली व्यवस्था के सामान्य संचालन में राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सरकार और पावर कंपनी प्रबंधन संविदा कर्मचारियों की नियमितीकरण एवं समायोजन की मांग पर कब और क्या निर्णय लेते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें