रायपुर। छत्तीसगढ़ में नए वन बल प्रमुख की नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। आज मंत्रालय में नए प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) एवं वन बल प्रमुख के चयन के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) अरूण पाण्डेय के नाम पर सहमति बनने की चर्चा है।

जानकारी के मुताबिक वर्तमान वन बल प्रमुख वी. श्रीनिवास राव 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद नए वन प्रमुख की नियुक्ति के लिए यह बैठक बुलाई गई थी। सूत्रों के अनुसार बैठक मंत्रालय में हुई, जिसमें मुख्य सचिव विकासशील, अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ तथा केंद्र सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर मध्यप्रदेश के वन बल प्रमुख शुभरंजन सेन शामिल हुए।
बताया जा रहा है कि बैठक में तीन वरिष्ठ अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया। इनमें पीसीसीएफ अनिल साहू, कौशलेंद्र कुमार और पीसीसीएफ (वाइल्ड लाइफ) अरूण पाण्डेय शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक डीपीसी के बाद अरूण पाण्डेय और कौशलेंद्र कुमार के नाम का पैनल तैयार किया गया है।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि अरूण पाण्डेय का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में उभरकर सामने आया है और अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लेंगे।
केवल वरिष्ठता नहीं, कार्यकाल और अनुभव भी अहम
वन विभाग में इस बार नियुक्ति को लेकर केवल वरिष्ठता को ही आधार नहीं माना जा रहा है। वर्तमान वन बल प्रमुख वी. श्रीनिवास राव के साथ 1989 बैच के पीसीसीएफ तपेश झा भी 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वरिष्ठता क्रम में अनिल साहू सबसे आगे बताए जा रहे हैं, लेकिन उनका कार्यकाल जुलाई तक ही बचा है। ऐसे में लंबे कार्यकाल और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए अरूण पाण्डेय के नाम पर सहमति बनने की संभावना जताई जा रही है।
वन विभाग में बड़े प्रशासनिक फेरबदल के संकेत
सूत्रों की मानें तो नए वन बल प्रमुख की नियुक्ति के साथ ही वन विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव भी हो सकते हैं। एपीसीएफ ओपी यादव भी जल्द पीसीसीएफ पद से सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में पीसीसीएफ और एपीसीएफ स्तर के कई अधिकारियों के प्रभार और जिम्मेदारियों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

