रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मंगलवार को एक और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। एस.वी. सुनील की अगुवाई वाली चक्रधर चैंपियंस और सुरेंद्र सिंह की न्यायधानी नाइट्स के बीच खेला गया मैच 4-4 की बराबरी पर समाप्त हुआ। चक्रधर चैंपियंस की ओर से युवराज वाल्मीकि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागे और हैट्रिक लगाई। वहीं न्यायधानी नाइट्स की ओर से केतन ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।

मैच देखने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग की निदेशक प्रो. रीता वेणुगोपाल, जिंदल ग्रुप के उपाध्यक्ष यू.पी. सिंह, अडानी ग्रुप के वरिष्ठ प्रबंधक अतुल कुमार गुप्ता और छत्तीसगढ़ तैराकी संघ के सचिव सही राम जाखड़ भी स्टेडियम पहुंचे। अतिथियों ने मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।


न्यायधानी नाइट्स के खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार तालमेल
बिलासपुर की न्यायधानी नाइट्स एक संतुलित टीम के रूप में नजर आई, जो किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है। जहां चिराग पेनल्टी कॉर्नर के विशेषज्ञ हैं, वहीं केतन, आदर्श और सोनू निषाद ने फॉरवर्ड लाइन में शानदार खेल दिखाया। मैच के दौरान चिराग छह पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में नाकाम रहे, लेकिन टीम के अन्य खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी संभाली। दूसरी ओर, चक्रधर चैंपियंस की टीम में एस.वी. सुनील और युवराज वाल्मीकि ने प्रमुख भूमिका निभाई। मुकाबले में दोनों टीमों की अलग-अलग खूबियां देखने को मिलीं।

दूसरे क्वार्टर में न्यायधानी नाइट्स ने बनाई बढ़त
मैच के दूसरे क्वार्टर में केतन और आदर्श ने न्यायधानी नाइट्स के लिए शानदार खेल दिखाते हुए गोल की शुरुआत की। केतन ने दाईं ओर से तेजी से आगे बढ़ते हुए चार डिफेंडरों को छकाया और सर्कल के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने आखिरी क्षण में आदर्श को पास दिया, जिन्होंने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।
इसके कुछ ही देर बाद न्यायधानी नाइट्स ने दूसरा गोल भी दाग दिया। इस बार केतन बाईं ओर से सर्कल में पहुंचे और उनके पास पर सोनू निषाद ने गेंद को डिफ्लेक्ट करते हुए गोल कर दिया। इस गोल की बदौलत न्यायधानी नाइट्स ने हाफ टाइम तक 2-1 की बढ़त बना ली।

युवराज वाल्मीकि ने हैट्रिक लगाकर कराई वापसी
तीसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। चिराग गोल करने के मौके को भुनाने में नाकाम रहे, लेकिन गोल पोस्ट के सामने मौजूद केतन ने शानदार गोल किया। इस गोल के साथ न्यायधानी नाइट्स का स्कोर चार तक पहुंच गया।
वहीं चक्रधर चैंपियंस की ओर से युवराज वाल्मीकि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पेनल्टी स्ट्रोक के जरिए दो गोल किए। इसके बाद उन्होंने एक बेहतरीन फील्ड गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। इस गोल में एस.वी. सुनील ने सर्कल के ठीक बाहर से उन्हें पास दिया, जिस पर वाल्मीकि ने शानदार रिवर्स फ्लिक लगाते हुए गेंद को सीधे गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।
टूर्नामेंट में अपनी दूसरी हैट्रिक पूरी करने के बाद वाल्मीकि चौथा गोल करने के भी करीब पहुंचे, लेकिन डिफ्लेक्शन के कारण उस गोल का श्रेय खोगेश्वर को दिया गया। इसके साथ ही दोनों टीमों का स्कोर 4-4 की बराबरी पर पहुंच गया। अंतिम समय तक दोनों टीमों ने बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

