Chhattisgarh OBC Reservation :करनाल। हरियाणा के करनाल में पार्किंग को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जा रही एक यात्री बस पर पथराव का मामला सामने आया है। घटना में बस के शीशे टूट गए और एक यात्री घायल हो गया। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
घटना 17 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे की है। करनाल जिले के बुटाना थाना क्षेत्र में डिवाइन स्टार ढाबे के पास एक बस और निजी कार के चालकों के बीच पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और बस पर पथराव किए जाने का आरोप लगा।
सूचना मिलने पर बुटाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां बस के शीशे टूटे हुए मिले। मौके पर सफेद रंग की मारुति बलेनो कार में सवार मोहित और सावन भी मौजूद थे। दोनों करनाल जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी कब्जे में ले लिया गया है।
समझौते के बाद रवाना हो गई थी बस
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, विवाद ढाबे की पार्किंग में बस और कार चालकों के बीच हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान मोहित ने बस के शीशे तोड़ दिए। इस घटना में बस में सवार एक यात्री को चोट भी लगी।
घटना के समय पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी। बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। इसके बाद बस श्रीनगर के लिए रवाना हो गई। बाद में डिवाइन स्टार होटल/ढाबे के प्रबंधक की शिकायत पर बुटाना थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
किसी राज्य के लोगों से नफरत का मामला नहीं: पुलिस
घटना को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही चर्चाओं के बीच करनाल पुलिस ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। डीएसपी राजीव कुमार ने वीडियो जारी कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह विवाद पार्किंग को लेकर हुआ था। फिलहाल किसी राज्य या क्षेत्र विशेष के लोगों के प्रति नफरत अथवा वैमनस्य से जुड़ा कोई पहलू सामने नहीं आया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट जानकारियों पर भरोसा न करें। बिना पुष्टि के किसी भी संदेश या दावे को आगे साझा करने से बचें। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।

