रायपुर। आईपीएल सीजन के दौरान राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सक्रिय ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर कमिश्नरेट पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने लगातार 72 घंटे तक विशेष अभियान चलाकर 5 बड़े ऑनलाइन पैनल नेटवर्क ध्वस्त कर दिए। इस दौरान 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि जांच में कई राज्यों तक फैले सट्टा गिरोह के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, इस साल अब तक ऑनलाइन सट्टा प्रकरणों में कुल 100 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। वहीं पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।

narayana

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ऑनलाइन सट्टा कारोबार रायपुर सहित अन्य जिलों में संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 59 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 17 लाख 92 हजार 70 रुपये नकद और एक चारपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।

कोलकाता, हरियाणा, महाराष्ट्र तक फैला था नेटवर्क

जांच में सामने आया कि आरोपी रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़ और बालोद समेत कई जिलों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे। वहीं नेटवर्क की जड़ें झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, हरियाणा और बिहार तक फैली हुई थीं।

तेलीबांधा थाना के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर तक दबिश दी। वहीं न्यू राजेंद्र नगर थाना की टीम हरियाणा के गुरुग्राम पहुंची, जहां से कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई की।

इन वेबसाइटों और पैनलों से चल रहा था ऑनलाइन सट्टा

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी LOTUS365, LION4, wb03faltu, Naseeb7777, Goldenexch, BETONLY99, UNCLEBET9, GRANDEXCH, POWEREXCH, Gold777, jmdbet777, silverbet777 और allpanel777 जैसे ऑनलाइन पैनल और वेबसाइटों के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे।

आरोपी अलग-अलग राज्यों में बैठकर पैनल ऑपरेट करते थे और एजेंटों के जरिए लोगों तक आईडी पहुंचाई जाती थी। सट्टे के पैसों का लेनदेन ऑनलाइन माध्यम और बैंक खातों के जरिए किया जा रहा था।

कई संगठित गिरोहों का भंडाफोड़

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई संगठित गिरोहों की पहचान की। इनमें मनजीत सिंह-मोहित सोमानी ग्रुप, बाबू खेमानी ग्रुप, नमन जग्गी-आयुष जैन ग्रुप, अमित जंघेल ग्रुप, सोनू फटनानी ग्रुप, अमन नथ्थानी ग्रुप और अन्य नेटवर्क शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि ये सभी गिरोह मिलकर बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा कारोबार चला रहे थे। आरोपी आईपीएल के दौरान युवाओं को जोड़कर बड़े पैमाने पर अवैध कमाई कर रहे थे।

पहले भी दर्ज हैं कई मामले

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कई आरोपी पहले भी ऑनलाइन सट्टे के मामलों में जेल जा चुके हैं। कुछ आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग जिलों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

करोड़ों की संपत्ति जब्त करने की तैयारी

कमिश्नरेट पुलिस ने साफ किया है कि आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्तियों को अटैच करने की कार्रवाई की जाएगी।

2026 में अब तक 100 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद वर्ष 2026 में ऑनलाइन सट्टा मामलों में अब तक 18 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में कुल 100 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने अब तक करीब 4 करोड़ 29 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति, 281 मोबाइल फोन, 25 लैपटॉप, 11 चारपहिया वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है।

तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मामले में गिरफ्तार आरोपी

प्रदीप पटेल: पिता अग्रसेन पटेल, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम कसेडा, तहसील गुंडा देश, जिला थाना रन चिरई, जिला बालोद, छत्तीसगढ़।

निसान हटिया: पिता गुलशन हंसीदा, उम्र 22 साल, निवासी डबुआ कॉलोनी फरीदाबाद, थाना डबुआ, जिला फरीदाबाद, हरियाणा।

राहुल शुक्ला: पिता अशोक शुक्ला, उम्र 36 वर्ष, निवासी गुरु दंड मिलन चौक, जैन टेंट हाउस के पास, थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर।

दीपेश डलवानी: पिता भागचंद डलवानी, उम्र 25 वर्ष, निवासी श्रीनगर, बाबा भवन के पास, गोंदिया, थाना सिटी पुलिस स्टेशन, जिला गोंदिया, महाराष्ट्र।

लखन थावरानी: पिता महेश थावरानी, उम्र 23 वर्ष, निवासी जरा भाटा मंदिर चौक, कस्तूरबा नगर, कारगिल चौक, बिलासपुर, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर।

आकाश सिंह राजपूत उर्फ छोटू: पिता रामायण सिंह राजपूत, उम्र 24 वर्ष, निवासी मास्टर रायपुर, थाना डीडी नगर, जिला रायपुर।

लिखेश्वर साहू: पिता सुरेश साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी बुढ़िया कल, साहू मोहल्ला, थाना मुस्कान, जिला रायपुर, छत्तीसगढ़।

सुबोध राम: पिता लक्ष्मी राम, उम्र 31 साल, निवासी सहसपुर रायपुर, थाना पंडोल, जिला मकदोई, बिहार।

अमन नत्थानी: पिता मनोज कुमार नत्थानी, उम्र 30 साल, निवासी खरसिया वार्ड 14, थाना खरसिया, जिला रायगढ़।

राम लालवानी: पिता नरेश लालवानी, उम्र 28 साल, निवासी गली नं. 06, थाना तेलीबांधा, रायपुर।

न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के मामले में गिरफ्तार आरोपी

सौरभ मुकीम: पिता स्वर्गीय मोती लाल मुकीम, उम्र 38 साल, निवासी शांति विजय गुरू मंदिर के पास, आम्रपाली सोसायटी, पचपेड़ीनाका, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, जिला रायपुर।

करण पिंजानी उर्फ किट्टू: पिता निर्मल पिंजानी, उम्र 28 साल, निवासी प्रगति विहार, महावीर नगर, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर।

शेख आसिफ: पिता शेख रमजान, उम्र 42 साल, निवासी चांदनी चौक, नेहरू नगर, थाना कोतवाली, रायपुर।

इमाम अहमद: पिता अब्दुल गनी, उम्र 44 साल, पता रामेश्वर नगर, थाना खमतराई, रायपुर।

भैरव कुमार: पिता कैलाश यादव, उम्र 23 साल, निवासी राणा मोड, देवघर कॉलेज गेट, थाना देवघर, झारखण्ड।

राजीव कुमार: पिता हिमांशु यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी राणा मोड, देवघर कॉलेज के पास, थाना देवघर, झारखंड।

सिकंदर यादव: पिता केलांचल यादव, उम्र 32 साल, पता राणा मोर, देवघर कॉलेज के पीछे, थाना देवघर, झारखण्ड।

रविंद्र कुमार: पिता जगन यादव, उम्र 26 वर्ष, पता राणा मोर, देवघर कॉलेज गेट के पीछे, थाना देवघर, झारखण्ड।

गुरदेव सिंह: पिता स्वर्गीय सिंह, उम्र 35 वर्ष, पता वैशाली नगर, ईडब्ल्यूएस 664, थाना सुपेला, भिलाई, छत्तीसगढ़।

तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के मामले में गिरफ्तार आरोपी

राहुल फतनानी: पिता ओमप्रकाश, उम्र 27 साल, निवासी भैरवगढ़ धाम, समीप किराना स्टोर के पास, थाना तिल्दा नेवरा।

गौतम पंजवानी: पिता हिरानंद पंजवानी, उम्र 35 साल, निवासी झुलेलाल मंदिर के पास, पुराना राधास्वामी डेरा, थाना तिल्दा नेवरा।

किशन उर्फ सोनू हिंदुजा: पिता रमेश हिंदुजा, उम्र 32 साल, निवासी सुभाष चौक, थाना तिल्दा नेवरा, रायपुर।

मौदहापारा थाना क्षेत्र के मामले में गिरफ्तार आरोपी

अजय उर्फ मोन्टू साहू: पिता कुंदन साहू, उम्र 28 साल, निवासी जोरापारा, थाना मौदहापारा, रायपुर।

मुकेश जंघेल: पिता पंचूराम जंघेल, उम्र 35 साल, निवासी लोधीपारा रेलवे स्टेशन, थाना गंज, रायपुर।

अमित जंघेल: पिता पूनम जंघेल, उम्र 37 साल, निवासी शिवानंद नगर, थाना खमतराई, रायपुर।

रवि डेंगवानी: पिता मूलचंद डेंगवानी, उम्र 42 साल, निवासी महावीर नगर, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, रायपुर।

डीसीपी क्राइम की मॉनिटरिंग में चला ऑपरेशन

गौरतलब है कि यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एंड साइबर) स्मृति राजनाला की सतत मॉनिटरिंग में की गई। वहीं डीसीपी उमेश गुप्ता, डीसीपी संदीप पटेल, ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तेलीबांधा, न्यू राजेंद्र नगर, मौदहापारा और तिल्दा नेवरा थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आईपीएल मैचों के दौरान बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा संचालित होने की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तकनीकी निगरानी बढ़ाई और कई राज्यों में फैले नेटवर्क की पहचान की।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि आईपीएल सीजन और अन्य खेल आयोजनों के दौरान ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपियों और फाइनेंसरों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही साइबर टीम बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की भी जांच कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H