शरद पाठक, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के तामिया में जंगली हाथी का कहर देखने को मिला। जहां हाथी ने एक बुजुर्ग पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि जंगली जानवर ने वृद्ध को उठाकर पटक दिया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। वहीं घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

छिंदवाड़ा के तामिया क्षेत्र में लगातार सक्रिय जंगली हाथी ने गुरुवार दोपहर बीजाढाना गांव में चतुर्सी (60) पिता दसनलाल शीलू पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गए। बताया जा रहा है कि 3 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे बुजुर्ग अपने खेत के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान अचानक जंगली हाथी वहां पहुंच गया। हाथी ने बुजुर्ग को अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया और इसके बाद मौके से भाग गया।

ये भी पढ़ें: गाय को रोटी खिलाने निकले थे, रास्ते में मौत बनकर आई कार! पति-पत्नी गंभीर घायल

हमले में बुजुर्ग के पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट आई है। घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। जंगली हाथी के गांव के आसपास लगातार विचरण करने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी की मौजूदगी को लेकर पहले से ही क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही थी, लेकिन अचानक हुए हमले से लोगों की चिंता बढ़ गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। ग्रामीणों को हाथी से दूरी बनाए रखने और जंगल अथवा खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m