कुरुक्षेत्र/पिहोवा। नायब सिंह सैनी ने रविवार को पिहोवा में आयोजित राज्य स्तरीय सोमनाथ स्वाभिमान पर्व कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के कार्यक्रमों से जुड़े।

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने ज्योतिसर स्थित गीता स्थली में पूजा-अर्चना की। पिहोवा में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होना पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत की आस्था, संघर्ष, धैर्य और पुनर्जागरण की प्रेरणादायक गाथा है। उन्होंने बताया कि यह पर्व 11 जनवरी 2025 से शुरू होकर 11 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु सोमनाथ पहुंच रहे हैं। हरियाणा सरकार की ओर से 8 जून को श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेन रवाना की जाएगी। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।