विनोद सैनी , हिसार। हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत हिसार जिले से विशेष ट्रेन द्वारा रवाना किए गए श्रद्धालु सुरक्षित रूप से गुजरात स्थित पवित्र सोमनाथ धाम पहुंच गए हैं। सोमनाथ मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन किए और प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह यात्रा राज्य सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है। इस योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं को यात्रा, आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाती हैं, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बोझ के तीर्थ दर्शन कर सकें।

हिसार से रवाना हुए श्रद्धालुओं में सोमनाथ धाम पहुंचने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रियों ने कहा कि इस योजना के माध्यम से उन्हें देश के प्रमुख तीर्थ स्थल के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जो उनके लिए जीवनभर याद रहने वाला अनुभव है।

गौरतलब है कि गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर भारत के 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रथम ज्योतिर्लिंग के रूप में विशेष महत्व रखता है। अरब सागर के तट पर स्थित यह मंदिर भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है।

श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। सरकार की यह योजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है।