कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। देश में बेहतर सड़कों और एक्सप्रेस-वे के जरिए सफर को आसान बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अक्सर कहते हैं कि आने वाले समय में देश का रोड नेटवर्क इतना बेहतर होगा कि दिल्ली जैसे शहरों तक का सफर कुछ घंटों में पूरा हो जाएगा। लेकिन मध्यप्रदेश के ग्वालियर-मुरैना नेशनल हाईवे पर लगे भीषण ट्रैफिक जाम ने इन दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस जाम में घंटों तक फंसे एक मासूम बच्चे ने मोबाइल कैमरा उठाकर ऐसी ग्राउंड रिपोर्टिंग की, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन रही है। कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाले छात्र विहान पाठक ने न सिर्फ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को मौजूदा हालात का आईना दिखाया, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस समस्या के समाधान की गुहार लगाई।

दरअसल ग्वालियर से एक परिवार शनिवार शाम करीब पांच बजे मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थली ,वृंदावन दर्शन के लिए निकला था। लेकिन ग्वालियर-मुरैना हाईवे पर लगे भीषण ट्रैफिक जाम ने उनकी पूरी यात्रा रोक दी। हालात ऐसे बने कि रात करीब ग्यारह बजे तक परिवार मुरैना भी नहीं पहुंच पाया। मजबूर होकर पटिया वाले बाबा स्थान से पहले परिवार ने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और पास के एक ढाबे पर बैठकर जाम खुलने का इंतजार करने लगा। लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी ट्रैफिक सामान्य नहीं हो सका। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, कई गाड़ियां गर्म होकर बंद हो गईं और मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंसी नजर आई।

इसी दौरान कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाले विहान पाठक ने मोबाइल कैमरा संभाला और मौके से ही ग्राउंड रिपोर्टिंग शुरू कर दी। वीडियो में उसने बताया कि जब उसने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से जाम का कारण पूछा तो पहले बताया गया कि आगे सड़क हादसा हुआ है, लेकिन कुछ देर बाद यही कहा गया कि इलाके में शादियां ज्यादा होने की वजह से ट्रैफिक जाम लगा है। मासूम ने अपनी रिपोर्टिंग में यह भी दिखाया कि घंटों तक जाम नहीं खुलने से मौके पर तैनात पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आए और कुछ पुलिसकर्मी सड़क किनारे बैठ गए, जबकि दूसरी ओर आम लोग, परिवार, छोटे बच्चे और एंबुलेंस चालक घंटों तक परेशान होते रहे।

वीडियो में विहान पाठक ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सवाल किया कि जब वर्तमान हाईवे की यह स्थिति है, तो भविष्य में तीन-चार घंटे में दिल्ली पहुंचाने वाले दावों पर लोग कैसे भरोसा करें। उसने कहा कि पहले मौजूदा हाईवे की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। इसके साथ ही उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील करते हुए कहा कि आम लोगों को घंटों तक सड़क पर परेशान होने से बचाने के लिए इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

मासूम की यह बेबाक ग्राउंड रिपोर्टिंग अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में दिखाई दे रही लंबी वाहन कतारें, जाम में फंसी एंबुलेंस, परेशान यात्री और पुलिस की बेबसी कई सवाल खड़े कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों तक ट्रैफिक जाम की ऐसी स्थिति बनी रहती है, तो आम लोगों को राहत आखिर कब मिलेगी।जब इस बदहाल व्यवस्था पर सवाल एक कक्षा पांचवीं का मासूम छात्र उठाता है, तो यह मामला और भी गंभीर हो जाता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m