Chirag Paswan: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान आज रविवार (4, अक्टूबर) को अपने छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। वे राजधानी रायपुर के जेल रोड स्थित मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित ROLBOL Youth Conclave 2026 में शामिल होंगे। यह ROLBOL का तीसरा यूथ कॉन्क्लेव है। युवाओं के साथ संवाद के अलावा चिराग पासवान प्रदेश इकाई के साथ पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर भी बैठक करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने यूपी में चुनाव लड़ने समेत कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।
यूपी में अकेले चुनाव लड़ने के लिए पार्टी तैयार
यूपी में चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि, नागालैंड में हमारे 2 विधायक हैं। लेकिन वहां हमने फैसला किया था कि हम वहां गठबंधन से हटकर अकेले चुनाव लड़ेंगे। अभी उत्तर प्रदेश में हमारी भूमिका तय होनी बाकी है। उन्होंने कहा कि, राज्य इकाई (एलजेपी आर यूपी) के माध्यम से यह विश्वास दिलाया गया है कि अकेले चुनाव लड़ने की जरूरत पड़ेगी तो हमारी पार्टी यूपी में अकेले चुनाव लड़ने के लिए भी तैयार है।
युवाओं को बताया भारत का भविष्य
वहीं, यूथ कॉन्क्लेव को लेकर चिराग पासवान ने कहा कि, युवा भारत का भविष्य हैं…जरूरी है कि युवाओं के साथ अलग-अलग मंचों के माध्यम से संवाद होता रहे। हमारी पार्टी भी अलग-अलग राज्यों में अपना विस्तार देख रही है। हम उत्तर प्रदेश और पंजाब में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ एक सकारात्मक संवाद साधने का प्रयास किया जाएगा।
राहुल गांधी से की यह अपील
भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर राहुल गांधी की ओर अब तक कोई बयान नहीं आने से जुड़े सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि, नेता प्रतिपक्ष होने के नाते ये ज़िम्मेदारी उनकी भी बनती है। ये वो नाम, ये वो चेहरे हैं जो दलगत राजनीति से उठकर अप्रिसिएशन डिजर्व करते हैं, डिमांड करते हैं और करना चाहिए। एक हल्का सा प्रोत्साहन, जब दूसरे देशों के राष्ट्रीय अध्यक्ष जब आपके देश के बेटे को कॉल करते हैं, उनकी तारीफ करते हैं, तो सीना फक्र से चौड़ा होता है। मैं राहुल गांधी से मैं ज़रूर आग्रह करूंगा कि उनकी सराहना करना चाहिए।
हर चीज में राजनीति नहीं देखनी चाहिए- चिराग
वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के कैप्टन स्मित मच्छार पर दिए बयान पर चिराग पासवान ने कहा कि, इसको इवेंट बनाने की बात नहीं है, पर जो लोग ऐसा कह रहे हैं, क्या उनको रत्ती भर भी अहसास है कि जिस तरीके से कैप्टन साहब ने इस विपरीत परिस्थिति को संभाला है, इसको आप बहादुरी बोलिए, इसको आप सूझ-बूझ बोलिए, मैं तो कहता हूं इसकी जितनी चर्चा हो, कम है। दिक्कत यही है ना कि हर चीज में आप राजनीति देखने लगते हैं, मैं समझ रहा हूं उत्तर प्रदेश में चुनाव आ रहे हैं। विपक्ष हर चीज में राजनीति देखने का प्रयास करता है पर यह वो कुछ नाम है वो कुछ लोग है और उनके कुछ ऐसे कारनामे है जिनको राजनीतिक परदे से कतई नहीं देखना चाहिए।
ये भी पढ़ें- ‘उन्हें शर्म आनी चाहिए..’, खरगे के बयान पर भड़के नित्यानंद राय, बोले- मोदी फिर बनेंगे प्रधानमंत्री

