कुंदन कुमार, पटना। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के ‘झालमुड़ी-सत्तू’ वाले तंज पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तीखा पलटवार किया है। बंगाल चुनाव के बीच खाने-पीने तक पहुंची सियासी जंग पर पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग ने कहा कि, 4 मई को बंगाल में ऐतिहासिक खेल होगा।

तेजस्वी के तंज पर कही ये बात

पीएम मोदी के झालमुड़ी खाने तेजस्वी यादव द्वारा कसे गए तंज चिराग पासवान ने कहा कि, ये हमारे देश की खूबसूरती है कि यहां व्यंजनों और भाषाओं में इतनी विविधता है। प्रधानमंत्री हर राज्य के स्वाद, वेशभूषा और भाषा को सम्मान देते हैं। जो लोग देश को जाति-धर्म में बांटते हैं, उन्हें समझ नहीं आएगा कि पीएम इन चीजों से देश को एकता के सूत्र में पिरोते हैं। गौरतलब है कि तेजस्वी ने अपने एक बयान में कहा था की चुनाव के हिसाब से पीएम का मेन्यू (बिहार में सत्तू, बंगाल में झालमुड़ी) बदल जाता है।

ममता ने बंगाल को बर्बाद कर दिया- चिराग

वहीं, ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए चिराग पासवान ने कहा कि, उन्होंने सालों से बंगाल को विकास से अलग रखा और राज्य को बर्बाद कर दिया। उन्होंने यह दावा किया कि बंगाल की जनता अब ‘डबल इंजन’ सरकार चाहती है। 4 मई को नतीजों में बंगाल समेत सभी 5 राज्यों में NDA की ऐतिहासिक जीत होगी।

बुलडोजर एक्शन पर चिराग की प्रतिक्रिया

सीएम सम्राट चौधरी द्वारा बिहार में बुलडोजर एक्शन पर चिराग पासवान ने कहा कि, अतिक्रमण विकास में रोड़ा है, अवैध कब्जे पर कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि इस दौरान चिराग ने यह भी कहा कि, लेकिन गरीब का घर उजाड़ने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था दी जाए। किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

वहीं, शराबबंदी की समीक्षा को लेकर उठ रहे सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि, कानून की सोच सही है, लेकिन धरातल पर खामियां हैं। जहरीली शराब और तस्करी जैसी समस्याओं को सरकार सख्ती से दुरुस्त करे ताकि कानून प्रभावी हो।

बंगाल में दूसरे चरण के लिए मतदान कल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए कल बुधवार 29 अप्रैल को मतदान होना है। इस चरण में कुल 142 सीटों पर वोटिंग होना है। वहीं, 4 मई को पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आएंगे। बता दें कि पिछले चुनाव में इन सीटों में से 123 पर टीएमसी और 18 पर बीजेपी ने जीत दर्ज की थी।

ये भी पढ़ें- राजद के बाहुबली नेता रीतलाल यादव को बड़ा झटका, पटना हाईकोर्ट ने इस मामले में रद्द की याचिका