वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के दीप नगर थाना क्षेत्र स्थित गंजपर गांव में 15 जून की रात चोरी के संदेह में दो युवकों, श्रवण और पिंटू की पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में गुरुवार की शाम केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय का भरोसा दिलाया।

घटना को बताया अत्यंत निंदनीय

मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने इस बर्बर घटना को अत्यंत निंदनीय करार देते हुए कहा कि पासवान समुदाय के दो युवकों की जिस तरह से हत्या की गई है, उससे पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। उन्होंने बताया कि घटना के दिन से ही उनकी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र भारती जिला प्रशासन के संपर्क में हैं, ताकि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद और न्याय मिल सके।

अमित शाह और सम्राट चौधरी से की चर्चा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि इस मामले में बिहार सरकार पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि उनकी इस विषय पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी चर्चा हुई है और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार मामले की व्यक्तिगत निगरानी कर रहे हैं।

पीड़ित परिवार को नौकरी देने का किया ऐलान

चिराग पासवान ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए बड़ी घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि परिवार के आश्रितों को वे अपने स्तर से नौकरी दिलाने का कार्य करेंगे, साथ ही पीड़ितों के बच्चों की शिक्षा का पूरा खर्च भी वे और उनकी पार्टी उठाएगी। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अपराधी चाहे जो भी हो और उनके मंसूबे कुछ भी हों, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा सुनिश्चित कराई जाएगी।

चोरी के आरोपी में पीट-पीटकर की गई थी हत्या

उल्लेखनीय है कि 15 जून की रात चोरी के संदेह में पिंटू और श्रवण की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई का विवरण देते हुए बताया गया कि अब तक इस मामले में कुल छह आरोपी या तो गिरफ्तार किए जा चुके हैं या उन्होंने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि शेष बचे दोषियों की गिरफ्तारी के लिए भी निरंतर प्रयास जारी हैं और सरकार पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें- ‘CM की मंजूरी के बिना संभव नहीं’, भरत तिवारी एनकाउंटर में नामजद IPS के तबादले पर तेजस्वी का हमला