Bihar News: एलजेपी आर की ओर से आज गुरुवार (24 सितंबर) को पटना के वेटरनरी ग्राउंड में ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान युवाओं के बीच पहुंचे, जहां उन्होंने मंच से भाषण देने की बजाय युवाओं के साथ सीधी बातचीत की और उनके सवालों के जवाब दिया। कार्यक्रम में शामिल होने आए युवाओं ने करियर, नौकरी और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर अपनी बातें सामने रखीं।
युवाओं ने चिराग से पूछे रोजगार से जुड़े सवाल
कार्यक्रम में आए युवाओं की ओर से रोजगार और सरकारी नौकरी जैसे कई अहम मुद्दों से जुड़े सवाल किए। किसी ने करियर को लेकर अपनी चिंता जाहिर की तो किसी ने नौकरी की तैयारी के दौरान आने वाली दिक्कतों का जिक्र किया। इस दौरान चिराग पासवान ने कहा कि, युवाओं के लिए रोजगार के ज्यादा से ज्यादा अवसर पैदा करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस दौरान युवाओं ने अपनी पढ़ाई और भविष्य को लेकर सामने आ रही चुनौतियों पर भी सवाल किए, जिसपर चिराग पासवान ने कहा कि आज का युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं है, बल्कि अपने दम पर आगे बढ़ने के रास्ते भी तलाश रहा है। ऐसे में उनकी समस्याओं को समझना और उन्हें बेहतर अवसर देना जरूरी है।
युवाओं ने उठाया पेपर लीक का मुद्दा
युवाओं ने ‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया। इस पर चिराग पासवान ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि एक छात्र कई महीनों और कई बार वर्षों तक किसी परीक्षा की तैयारी करता है। ऐसे में पेपर लीक होने से उसकी पूरी मेहनत प्रभावित होती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासनिक और नीतिगत स्तर पर सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे युवा
‘यूथ बोले तो’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी रही। खास बात यह रही कि युवाओं को अपनी बात सीधे केंद्रीय मंत्री तक पहुंचाने का मौका मिला। रोजगार और करियर से लेकर परीक्षा में पेपर लीक तक, अलग-अलग मुद्दों पर हुए सवाल-जवाब कार्यक्रम के केंद्र में रहे।
ये भी पढ़ें- ‘जमुई-समस्तीपुर कांड पर हकलाने लगे मंत्री’, तेजस्वी यादव ने अशोक चौधरी को जमकर सुनाया


