सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार में सम्राट चौधरी की सरकार को करीब छह महीने पूरे होने के बीच अब विधायक भी जनता के सवालों के घेरे में आने लगे हैं। मोतिहारी के चिरैया विधानसभा क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां सड़क नहीं बनने से नाराज ग्रामीणों ने भाजपा विधायक लालबाबू प्रसाद को घेर लिया। इस दौरान विधायक और ग्रामीणों के बीच जमकर बहस हुई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दुर्गापूजा के दौरान गांव पहुंचे थे विधायक
जानकारी के मुताबिक, विधायक लालबाबू प्रसाद दुर्गापूजा के अवसर पर अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर निकले थे। इसी दौरान चिरैया प्रखंड की खरतारी पंचायत के ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण का मुद्दा उठाते हुए उनसे सवाल किया कि पिछले 10 साल से मांग किए जाने के बावजूद अब तक सड़क क्यों नहीं बन सकी।
ग्रामीण बोले- वोट देते हैं, फिर भी सड़क नहीं बनी
ग्रामीणों की नाराजगी का मुख्य कारण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग पूरी नहीं होना बताया जा रहा है। लोगों ने विधायक से सवाल किया कि जब वे वोट देकर उन्हें विधानसभा तक पहुंचाते हैं, तो उनकी बुनियादी समस्याओं का समाधान क्यों नहीं होता। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर जवाब मांगा। वहीं, विधायक की ओर से उन्हें समझाने की कोशिश किए जाने के दौरान बहस होने की बात सामने आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।
विकास के मुद्दे पर जवाब मांग रही जनता
अब तक बिहार में विकास कार्यों को लेकर विपक्ष सरकार पर सवाल उठाता रहा है। लेकिन चिरैया की इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सड़क जैसी बुनियादी सुविधा को लेकर लोगों की नाराजगी सामने ला दी है। ग्रामीणों का विरोध इस बात की ओर इशारा करता है कि लंबे समय से लंबित स्थानीय समस्याएं जनप्रतिनिधियों के लिए चुनौती बन सकती हैं। हालांकि, सड़क निर्माण में देरी की वजह और इस संबंध में विधायक की ओर से दिए गए आधिकारिक पक्ष की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
ये भी पढ़ें- MLC चुनाव के बीच अनंत सिंह और जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के खिलाफ 3 FIR दर्ज, जानें मामला?

