राकेश कथूरिया, कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में नगराधीश कैप्टन प्रमेश सिंह ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निपटान किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

पीपीपी समेत कई विभागों की शिकायतों पर हुई सुनवाई

नगराधीश ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए मौके पर मौजूद क्रीड विभाग के कर्मचारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इसके अलावा पुलिस, राजस्व, विकास एवं पंचायत, समाज कल्याण तथा अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों की भी सुनवाई की गई।

शिकायतों के निपटान में प्राथमिकता बरतने के निर्देश

उन्होंने कहा कि नागरिक समाधान की उम्मीद लेकर शिविर में आते हैं। इसलिए सभी अधिकारी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। जिन मामलों का समाधान किया जाए, उनकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) भी निर्धारित पोर्टल पर समय पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।

विभागों के बीच समन्वय पर दिया जोर

कैप्टन प्रमेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी शिकायत का संबंध एक से अधिक विभागों से हो तो सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ उसका समाधान करें। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और शिकायतों का जल्द निपटारा हो सकेगा।

सोमवार और वीरवार को लग रहे हैं समाधान शिविर

नगराधीश ने बताया कि प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कैथल के लघु सचिवालय सभागार में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा गुहला और कलायत में भी उपमंडल स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं।

आमजन से शिविर का लाभ उठाने की अपील

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m