जंतर-मंतर (Jantar Mantar) पर CJP के प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद(Nishu Azad) के पिता संजय कुमार (Sanjay Kumar) के साथ हुई मारपीट का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। मामले को लेकर CJP के प्रवक्ता सौरव दास(Saurav Das), आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) समेत अन्य लोग पटेल चौक से संसद मार्ग थाने पहुंचे हैं। वहीं, आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) भी इस मामले को लेकर संसद मार्ग थाने पहुंचे हैं।
वायरल पॉडकास्ट क्लिप के बाद फिर उठा मारपीट का मामला
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल एक पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर दावा किया है कि संजय कुमार के सिर पर वार उसी ने किया था। क्लिप में उसने राजनीतिक प्रभाव के चलते अपने खिलाफ बड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होने का भी दावा किया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने फिर तूल पकड़ लिया है। CJP के प्रवक्ता सौरव दास, सह-संयोजक आशुतोष रांका समेत अन्य लोग पटेल चौक से संसद मार्ग थाने पहुंचे। निशु आजाद भी थाने पहुंचीं।
CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके एक समर्थक के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें उनके सिर पर चोट लगी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सौरव दास और उनकी पूरी टीम लगातार दिल्ली पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने की मांग करती रही, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
गंभीर धाराएं लगाने की मांग
आशुतोष रांका ने कहा कि घटना में शामिल बताए जा रहे लोग अब खुले तौर पर संजय कुमार पर हमला करने और उन्हें जान से मारने की कोशिश करने की बात स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कपिल मिश्रा और बीजेपी कार्यकर्ताओं के प्रभाव में दिल्ली पुलिस ने कथित तौर पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की। रांका ने इसे देश और लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पूरी टीम शुरुआत से ही संजय कुमार के साथ खड़ी रही है। CJP ने मांग की है कि दिल्ली पुलिस घटना में शामिल होने का दावा करने वाले लोगों को तुरंत गिरफ्तार करे। साथ ही, उनके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करने और घटना से जुड़ी सभी लागू गंभीर धाराएं लगाने की मांग की गई है।
कांग्रेस की लीगल टीम भी सक्रिय
इस मामले में कांग्रेस की लीगल टीम भी निशु आजाद की मदद के लिए सक्रिय हो गई है। राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद कांग्रेस की कानूनी टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम निशु आजाद को उनके पिता संजय कुमार पर हमले के मामले में स्वतंत्र भारद्वाज की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर कानूनी मदद देगी। निशु आजाद ने राहुल गांधी से कानूनी सहायता की मांग की थी। वहीं, दिल्ली प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लकड़ा, निशु आजाद और लीगल सेल के वकील आज सुबह 11 बजे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचेंगे। वे स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग करेंगे।
संसद मार्ग थाने के बाहर भारी पुलिस बल तैनात
CJP नेताओं और कार्यकर्ताओं के समर्थन में आजाद समाज पार्टी-कांशीराम के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी संसद मार्ग थाने पहुंच गए हैं। मामले को लेकर नेताओं और कार्यकर्ताओं की बढ़ती मौजूदगी को देखते हुए थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। स्थिति को देखते हुए संसद मार्ग थाने के बाहर भारी संख्या में पुलिसकर्मी और सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं। पुलिस की ओर से पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
क्या है पूरा मामला
यह पूरा मामला स्वतंत्र भारद्वाज के एक वीडियो इंटरव्यू के वायरल होने के बाद फिर चर्चा में आया। इंटरव्यू में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर संजय कुमार के साथ मारपीट करने का दावा किया और कहा कि बीजेपी नेता कपिल मिश्रा के फोन के बाद वह जेल जाने से बच गए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप के आरोपों को खारिज किया है।
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार, हाथापाई के दौरान कथित हमलावरों में से एक के हाथ में पहने कड़े से संजय कुमार के सिर में चोट लगी थी। पुलिस ने बताया कि आरएमएल अस्पताल में चोट को ‘मामूली’ बताया गया था। इस मामले में संसद मार्ग थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, सूरज कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज को मौके से हिरासत में लिया गया था। बाद में दोनों को नोटिस देकर पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि मामले में जल्द ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
वहीं, CJP नेता आशुतोष रांका ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट की गई थी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लगातार न्याय की मांग करती रही है। रांका ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने बीजेपी के दबाव में कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि CJP निशु आजाद और उनके पिता के साथ खड़ी है और पुलिस से मामले में हत्या के प्रयास की धारा लगाने की मांग की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



