कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोमवार को केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई बंद नहीं की गई और गिरफ्तार छात्रों को राहत नहीं दी गई, तो पार्टी एक बार फिर देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP ने केंद्र सरकार पर अपने आश्वासन से पीछे हटने का आरोप लगाया।

सरकार पर समझौता तोड़ने का आरोप

CJP प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में बड़ी संख्या में छात्रों की गिरफ्तारी की जा रही है।

दास ने दावा किया कि गिरफ्तार छात्रों पर कथित तौर पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और उन्हें कानूनी प्रक्रिया में उलझाया जा रहा है। पार्टी ने सरकार से गिरफ्तार छात्रों को तत्काल राहत देने और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई रोकने की मांग की है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कपिल सिब्बल भी रहे मौजूद

दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP नेता आशुतोष रांका और प्रवक्ता सौरव दास के अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल भी मौजूद रहे। सिब्बल ने कहा कि उनकी भूमिका पार्टी से जुड़े कानूनी मामलों में सहायता प्रदान करने की है।

छात्रों की शिकायतों के लिए ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च

CJP ने छात्रों और प्रदर्शनकारियों की समस्याओं को सामने लाने के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च करने की जानकारी दी है। पार्टी के मुताबिक, प्रभावित छात्र इस पोर्टल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। साथ ही, वे अपने मामलों से संबंधित दस्तावेज, जानकारी और वीडियो भी साझा कर सकेंगे।

असम, बंगाल और बिहार में कार्रवाई का दावा

सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि असम, पश्चिम बंगाल और बिहार में छात्रों व प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने और उनके खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी है।

CJP का कहना है कि केंद्र सरकार के आश्वासन के बाद ही पार्टी ने अपना देशव्यापी आंदोलन स्थगित किया था। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार अपने कथित वादे पर अमल नहीं करती और छात्रों को राहत नहीं मिलती, तो वह दोबारा आंदोलन शुरू करने से पीछे नहीं हटेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m