कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार पर युवाओं से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए 5 सितंबर को दिल्ली में विरोध मार्च निकालने का ऐलान किया है। पार्टी के मुताबिक, यह मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। प्रदर्शन में NEET पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ी से प्रभावित छात्रों के परिजन भी शामिल होंगे।
आश्वासन के बाद भी वादे पूरे नहीं होने का आरोप
CJP ने सोमवार को अपनी वर्किंग कमेटी की वर्चुअल बैठक के बाद मार्च का फैसला लिया। पार्टी का कहना है कि 25 जुलाई को केंद्र सरकार की ओर से छात्रों से किए गए आश्वासनों के आधार पर जंतर-मंतर का आंदोलन वापस लिया गया था। सरकार ने प्रदर्शनकारियों और छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों को खत्म करने का भरोसा दिया था, लेकिन CJP के अनुसार अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पार्टी नेताओं सौरव दास और रत्ना सिंह ने कहा कि सरकार को आंदोलन खत्म कराने के दौरान किए गए सभी वादे पूरे करने चाहिए। उन्होंने सभी FIR वापस लेने और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई रोकने की मांग की।
20 जून से चल रहा था NEET मुद्दे पर आंदोलन
CJP ने NEET पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर 20 जून से जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू किया था। पार्टी के अनुसार, 25 जुलाई को सरकार से आश्वासन मिलने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सहमति बनने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया था। इससे पहले 20 जुलाई को भी पार्टी ने जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला था।
सुप्रीम कोर्ट में FIR को लेकर उठाया गया मुद्दा
CJP का दावा है कि 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR की सूची मांगी थी। पार्टी के मुताबिक, कोर्ट अनुच्छेद 142 के तहत इन मामलों को खत्म करने पर विचार कर सकता है।
CJP का आरोप है कि केंद्र ने FIR की पूरी सूची उपलब्ध कराने को लेकर स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं दिखाई। पार्टी ने इसे आंदोलन खत्म कराने से पहले किए गए आश्वासनों से पीछे हटने का संकेत बताया है।
“वादे पूरे होने तक पीछे नहीं हटेंगे”
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने सभी राज्यों के शिक्षा मंत्रियों को पत्र लिखकर सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी मांगी है। पार्टी ने साफ किया है कि जब तक सरकार अपने वादे पूरे नहीं करती, वह पीछे नहीं हटेगी। 5 सितंबर का प्रस्तावित मार्च अब NEET पेपर लीक, छात्रों पर दर्ज FIR और परीक्षा व्यवस्था में सुधार जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ाने की दिशा में अगला बड़ा कदम माना जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


