० जांच में दो जगह से मानदेय लेने की पुष्टि, शिकायत के डेढ़ साल बाद प्रशासन ने लिया एक्शन
सुमन राजपूत, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में सरकारी नियमों के उल्लंघन के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मिरगैन गांव की सरपंच संदीप कुमारी और पंच अंजु को दोहरा मानदेय लेने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासनिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने यह आदेश जारी किए।
जानकारी के अनुसार, सरपंच संदीप कुमारी पर सरपंच पद के साथ-साथ आशा वर्कर का मानदेय लेने का आरोप था। वहीं, पंच अंजु पर पंच रहते हुए मिड-डे मील वर्कर का मानदेय लेने की पुष्टि हुई है। सरकारी नियमों के तहत एक व्यक्ति को एक समय में केवल एक ही पद का मानदेय लेने की अनुमति है।
यह मामला तब सामने आया जब मिरगैन गांव निवासी विकास ने करीब डेढ़ वर्ष पहले जिला प्रशासन को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोनों जनप्रतिनिधि पिछले तीन वर्षों से दो अलग-अलग पदों का मानदेय ले रही हैं।
शिकायत के बाद कराई गई प्रशासनिक जांच में आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर डीसी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी नियमों का उल्लंघन किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



