सोनीपत में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय के लिए गठित सीएलजी कमेटी की तीसरी साप्ताहिक बैठक शनिवार को आयोजित की गई। इस बैठक में कमेटी ने एक पीड़ित को नशामुक्ति केंद्र से छुड़वाकर आपसी सहमति से उसके परिवार के साथ भेजा।

संजीव घनगस, सोनीपत। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह, IPS, ADGP के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त अपराध एवं पश्चिमी जोन नरेंद्र कादियान, IPS की अगुवाई में पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आपसी विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के उद्देश्य से गठित CLG (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) कमेटी की साप्ताहिक तीसरी बैठक आज शनिवार को आयोजित की गई।

कमेटी सदस्यों की उपस्थिति

बैठक में कमेटी सदस्य संजय सिंगला, डॉ. राजसिंह सांगवान, रमेश जैन, सतीश माथुर, सतीश कुमार, दिनेश ठेकेदार तथा शिकायत शाखा से एस आई सुनील कुमार उपस्थित रहे।

नशामुक्ति केंद्र से छुड़वाया

बैठक के दौरान शिकायतकर्ता कृष्ण निवासी भटगांव अपने परिवार के विरुद्ध दी गई शिकायत के संबंध में कमेटी के समक्ष नशा मुक्ति केंद्र के पदाधिकारियों के साथ एवं उसका परिवार उपस्थित हुआ। दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनने के बाद कमेटी ने आपसी सहमति एवं समझदारी से दोनों पक्षों का आपसी निर्णय कराया और शिकायतकर्ता को नशा मुक्ति केंद्र से छुड़वाकर परिवार के साथ भेज दिया गया।

अगली सुनवाई 18 जुलाई को

इस पर कमेटी ने नशा मुक्ति केंद्र को शिकायतकर्ता कृष्ण के इलाज की पूरी फाइल लेकर और दोनों पक्षों को एक सप्ताह का रिपोर्ट कार्ड लेकर मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 जुलाई 2026 की तिथि निर्धारित की। गौरतलब है कि पुलिस उपायुक्त अपराध एवं पश्चिमी जोन नरेंद्र कादियान, IPS के मार्गदर्शन में गठित 10 सदस्यीय सीएलजी कमेटी प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक कार्य करेगी।

कमेटी का मुख्य उद्देश्य

आवश्यकता पड़ने पर कमेटी संबंधित पुलिस थानों में जाकर भी दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने का प्रयास करेगी। सीएलजी कमेटी का उद्देश्य छोटे-छोटे पारिवारिक एवं सामाजिक विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले आपसी संवाद, सामाजिक सहयोग एवं पुलिस-जनभागीदारी के माध्यम से सुलझाना है, ताकि समाज में शांति, सौहार्द, भाईचारा तथा पुलिस के प्रति जनविश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।