झारखंड के धनबाद जिले के निरसा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV), बेनागड़िया से रैगिंग और छात्र उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय के हॉस्टल में कक्षा 10 के एक छात्र के साथ कथित तौर पर पांच सहपाठियों ने बेल्ट से बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और हॉस्टल प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।
मोबाइल ट्रांजैक्शन विवाद के बाद हुई कथित पिटाई
जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र गोविंदपुर प्रखंड के एक गांव का निवासी है। आरोप है कि मंगलवार देर रात हॉस्टल में मोबाइल से पैसे ट्रांसफर करने को लेकर कुछ छात्रों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर पांच छात्रों ने कथित तौर पर उसे बेल्ट से पीटा।
वीडियो में दिखी कथित क्रूरता, जान से मारने की धमकी का आरोप
वायरल वीडियो में पीड़ित छात्र अर्धनग्न अवस्था में दिखाई देता है। आरोप है कि आरोपी छात्रों ने उसे जबरन योग मुद्रा में बैठाया, बेल्ट से लगातार पीटा और पुशअप्स भी करवाए। साथ ही, घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
दो दिन तक दर्द सहता रहा छात्र, तबीयत बिगड़ने पर खुला मामला
दहशत के कारण छात्र दो दिनों तक चुप रहा। उसने स्कूल की नर्स से दर्द की दवा ली और परिजनों से भी सब कुछ सामान्य होने की बात कही। बाद में दर्द बढ़ने और तबीयत बिगड़ने पर उसने परिवार को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही परिजन विद्यालय पहुंचे। छात्र को पहले पांडरा उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद के एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
स्कूल प्रशासन ने बनाई जांच समिति
घटना के बाद विद्यालय प्रशासन ने जांच समिति गठित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रबंधन का कहना है कि हॉस्टल में छात्रों को मोबाइल रखने की अनुमति नहीं है, लेकिन कुछ अभिभावक नियमों के विपरीत बच्चों को मोबाइल उपलब्ध करा देते हैं। प्रशासन ने दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, हॉस्टल के कमरों में सीसीटीवी नहीं होने को लेकर प्रबंधन ने छात्रों की निजता का हवाला दिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

