शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल से लापता हुए मासूम बच्चे ‘अंश’ के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लगातार तलाश में जुटी पुलिस टीमों को आखिरकार अंश की लोकेशन ट्रेस करने में सफलता मिल गई है। ताजा अपडेट के मुताबिक, अंश को भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर देखा गया है।
सीसीटीवी फुटेज में अलग-अलग लोगों के साथ दिखा अंश
लोकेशन ट्रैक होने के बाद पुलिस ने जब रेलवे स्टेशन और आसपास के सुरक्षा कैमरों की जांच की, तो उनके हाथ कुछ अहम वीडियो फुटेज लगे हैं। इन वीडियो में मासूम अंश स्टेशन परिसर में कई अलग-अलग लोगों के साथ नजर आ रहा है। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर उन व्यक्तियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, जो वीडियो में अंश के साथ दिखाई दे रहे हैं।
अपहरण की आशंका खारिज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शुरुआती तौर पर अपहरण की जो आशंकाएं जताई जा रही थीं, पुलिस प्रशासन ने फिलहाल उसे सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच और फुटेज को देखने के बाद यह मामला अपहरण का नहीं लग रहा है।
हिरासत में लिया गया युवक रिहा
अंश की सटीक लोकेशन मिलने के बाद भोपाल स्टेशन और उसके आसपास के पूरे इलाके में पुलिस ने अपना सर्चिंग अभियान और ज्यादा तेज कर दिया है। सादे कपड़ों और यूनिफॉर्म में पुलिस बल चप्पे-चप्पे को खंगाल रहा है ताकि जल्द से जल्द बच्चे को सकुशल बरामद किया जा सके। वहीं, इससे पहले पुलिस ने संदेह के आधार पर जिस विक्षिप्त (मानसिक रूप से अस्वस्थ) युवक को हिरासत में लिया था, उससे पूछताछ और मामले में उसकी संलिप्तता न पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि वे अंश के बेहद करीब हैं और जल्द ही उसे सुरक्षित ढूंढ लिया जाएगा।
3 दिन से लापता 6 साल के मासूम अंश का अब तक सुराग नहीं: तलाश में जुटीं पुलिस की 10 टीमें,

