भोपाल। राज्यसभा चुनाव में मध्य प्रदेश से कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मीनाक्षी पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने जानबूझकर आपराधिक प्रकरण की जानकारी छिपाई। सीएम ने इस दौरान कांग्रेस को आत्ममंथन करने की सलाह भी दी।  

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा, ‘जैसा कि आप सभी जानते हैं, कांग्रेस के प्रत्याशी ने अपनी आपराधिक पृष्ठभूमि से संबंधित जानकारी को छिपाया था, जबकि कानूनन उन्हें इसका भी उल्लेख करना चाहिए था। दुर्भाग्यवश, कांग्रेस ने इस तथ्य को जनता से छिपाने का प्रयास किया। इस मामले में जो निर्णय लिया गया है, मैं उसका स्वागत करता हूं। अब कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए कि उसने ऐसा क्यों किया। स्पष्ट है कि वे सच्चाई सामने आने से भयभीत थे। हम इस निर्णय का पूर्ण समर्थन और स्वागत करते हैं।’ 

बता दें कि भाजपा ने मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र पर लिखित आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे निरस्त करने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था के कांग्रेस प्रत्याशी ने तेलंगाना में चल रहे एक कानूनी मामले की जानकारी को अपने हलफनामे में छुपाया है। भाजपा की आपत्ति पर निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेसप्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया। इस फैसले के बाद भाजपा ने विधानसभा में जमकर जश्न मनाया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m