प्रदीप मालवीय, उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मंगलवार को उज्जैन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इलेक्ट्रिक साइकिल वितरित की। यह ई-साइकिल एक कंपनी की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व निधि के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि इससे बहनों को अपने कार्यों के दौरान काफी सुविधा मिलेगी और पेट्रोल-डीजल पर होने वाला खर्च भी बचेगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में ई-साइकिल का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। उज्जैन में हमारी बहनों के साथ यह वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ है। अलग-अलग जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से आई बहनों को यह साइकिल उनके दैनिक कार्यों में मदद करेगी।
ये भी पढ़ें: MP Police Bharti 2026: प्रधान आरक्षक और ASI ‘कंप्यूटर’ की शारीरिक दक्षता परीक्षा 7 से 9 जून तक, आधार e-KYC जरूरी
उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल-डीजल की कठिनाइयों के दौर में ई-साइकिल एक उपयोगी विकल्प बनकर सामने आई है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन की मिसाल कायम की है और भारत को दुनिया में एक विशेष पहचान दिलाई है। देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और आने वाले समय में भी प्रधानमंत्री का नेतृत्व देश को और अधिक मजबूती देगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि वे बाबा महाकाल से कामना करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे भी पूरी ताकत के साथ जनता की सेवा करते रहें। उन्होंने सभी लाभार्थी महिलाओं को बधाई दी। साथ ही उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी हैं।

