CM MK Stalin React On Women Reservation Bill: लोकसभा में महिला आरक्षण संशोधन बिल और परिसीमन बिल गिरने पर तमिलनाडु सीएम एमके स्टालिन ने हुंकार भरी है। तमिलनाडु मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु ने दिल्ली के अहंकार को हरा दिया है। स्टालिन ने कहा कि ‘अंतरात्मा की आवाज’ पर विपक्षी एकजुटता भारी पड़ी है। उन्होंने आगे कहा कि 23 अप्रैल को होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव मतदान के दिन भी हम दिल्ली के अहंकार को और उस अहंकार का समर्थन करने वाले गुलामों को भी मिलकर हरा देंगे।

बता दें कि विपक्ष ने संसद में महिला आरक्षण से जुड़े 131वें संशोधन बिल को खारिज कर दिया। संसद में शुक्रवार को एकजुट विपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘अंतरात्मा की आवाज़ पर वोट’ देने की आखिरी मिनट की अपील और गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्ताव को ठुकरा दिया। महिला आरक्षण बिल पर संसद में एनडीए को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही, विपक्ष ने सरकार को 12 साल में पहली बार विधायी हार का सामना करने पर मजबूर कर दिया, क्योंकि प्रस्तावित कानून सदन में ज़रूरी दो-तिहाई वोट हासिल करने में नाकाम रहा।

विधेयक गिरने पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की, अपने खतरनाक परिसीमन प्रस्तावों को महिला आरक्षण से जोड़ने की नापाक और शरारतपूर्ण कोशिश लोकसभा में ऐतिहासिक रूप से फेल हो गई है। वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “संसद में परिसीमन बिल फेल हुआ. यह मोदी के अहंकार की हार हुई है।

भाजपा देश के दो टुकड़े करना चाहती हैः ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी ने महिला आरक्षण विधेयक को आगे रखते हुए परिसीमन विधेयक पेश किया है। वह लोकसभा में सीटों की तादाद बढ़ाकर करीब 850 करने की कोशिश कर रही है। इससे देश टुकड़ों में बंट जाएगा। उन्होंने कहा कि मेरी पार्टी महिला आरक्षण बिल का समर्थन करती है, लेकिन परिसीमन के नाम पर साजिश मंजूर नहीं है।

हम चैन से नहीं बैठेंगेः किरेन रिजिजू

बता दें कि महिला आरक्षण बिल यानी संविधान के 131वे संशोधन से जुड़े इस बिल के समर्थन में 298 वोट पड़े और विरोध में 230 वोट दिया गया। इसे पास होने के लिए सदन में मौजूद सदस्यों में से करीब 352 वोटों की ज़रूरत थी। इस बिल के पास न हो पाने पर, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि दो अन्य बिल वापस ले लिए जाएंगे, जो इस मुख्य प्रस्ताव से अंदरूनी तौर पर जुड़े हुए है। इनमें से एक परिसीमन पर है। उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष ने महिलाओं को सम्मानित करने का ऐतिहासिक मौका गंवा दिया। हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे, जब तक यह सुनिश्चित नहीं कर लेते कि देश की महिलाओं को विधायिकाओं में आरक्षण मिले।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m