संजय पाटीदार, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार सुबह दिल्ली दौरे पर रवाना हो गए हैं लेकिन दिल्ली के लिए उड़ान भरने से पहले मुख्यमंत्री भोपाल स्थित प्रसिद्ध गुफा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान के साथ दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मंदिर से बाहर निकलते ही मुख्यमंत्री पूरे सियासी मूड में नजर आए और उन्होंने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म निरस्त होने के मुद्दे पर कांग्रेस को जमकर आड़े हाथों लिया।

ये भी पढ़ें: MP में खत्म हुआ दो बच्चों वाला नियम: CM मोहन यादव के आदेश के बाद लाखों युवाओं को मिली बड़ी राहत

हार के डर और आंतरिक कलह के कारण जानबूझकर की गलती- CM

मीनाक्षी नटराजन का फॉर्म निरस्त होने पर तीखा हमला बोलते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने हार के डर से और अपनी आंतरिक खींचतान के कारण जानबूझकर अपने राज्यसभा प्रत्याशी के नामांकन पत्र में गलती की है। इस सीट पर कांग्रेस के ही कई लोगों की नजर थी।

‘पंच-सरपंच भी फॉर्म सही से भरता है’

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए आगे कहा कि जब कोई पंच या सरपंच का चुनाव लड़ता है तो वह बी अपने फॉर्म में सारी जानकारियां सही भरता है लेकिन कांग्रेस के ऐसे नेता जो कई बार चुनाव लड़ चुके हैं वो भी आपराधिक मामलों की जानकारी छिपा गए। राज्यसभा जैसे प्रतिष्ठित चुनाव में ऐसी जानकारी छिपाना गंभीर लापरवाही है। खुद कांग्रेस ने भी निर्वाचन अधिकारी के सामने यह माना है कि जानकारी नहीं दी गई थी। जब उनकी पार्टी के लोग ही इसे स्वीकार कर रहे हैं तो इसमें बीजेपी क्या करेगी? कांग्रेस को अब अपनी गलतियों पर आत्ममंथन करने की जरूरत है।

‘कांग्रेस को अपने विधायकों पर भरोसा नहीं, इसलिए प्लेन लेकर उड़ रहे थे’

कांग्रेस की गुटबाजी पर प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के अंदर वर्तमान में जो हालात हैं, वे बेहद खराब हैं। वो अपने प्रत्याशी का फॉर्म तक सही तरीके से नहीं भरवा पा रहे हैं। उन्हें अपने ही विधायकों पर भरोसा नहीं था, यही वजह थी कि वे अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए प्लेन लेकर उड़ रहे थे। उन्होंने साफ किया कि यह कोई ‘नारी वंदन’ का अपमान करने वाली बात नहीं है, बल्कि सच्चाई यह है कि प्रत्याशी चयन करते समय कांग्रेस को पहले देखना चाहिए था कि उन पर क्या मामले हैं।

पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ, महाकाल से की कामना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आजादी के बाद सबसे लंबे समय तक रहने वाले देश के प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने हमेशा जनकल्याण के कामों को अपने हाथों में लिया है और आज देश के दुश्मनों को घर में घुसकर मारते हैं। सीएम ने कहा कि वे बाबा महाकाल से कामना करते हैं कि साल 2029 के चुनाव में भी पीएम मोदी इसी तरह सफल हों।

ये भी पढ़ें: Rajya Sabha Election Controversy: मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द पर विरोध तेज, कांग्रेस आज भोपाल और दिल्ली में EC अधिकारियों से करेगी मुलाकात

बीजेपी में कार्यकर्ताओं का सम्मान

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अंत में कहा कि भाजपा महेश केवट जैसे सामान्य और जमीनी कार्यकर्ताओं को भी प्रत्याशी बनाकर अवसर देने की परंपरा निभाती है और पूरी एकजुटता के साथ मैदान में डटी रहेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m