हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों (CMGGA) के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। उन्होंने कल्याणकारी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने के लिए विस्तृत ग्राउंड रिपोर्ट मांगी है।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। एक अहम बैठक में सरकार के कामकाज, जमीनी अनुभव और भविष्य की योजनाओं को लेकर गहन मंथन देखने को मिला। मुख्यमंत्री के सामने वे लोग मौजूद थे, जिन्होंने अलग-अलग जिलों और विभागों में काम करते हुए सरकार की योजनाओं को जमीन पर लागू होते देखा है। बैठक में सिर्फ समीक्षा नहीं हुई, बल्कि आने वाले समय की रणनीति को लेकर भी बड़ा संदेश दिया गया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने साफ संकेत दिए कि अब केवल योजनाएं बनाना काफी नहीं, बल्कि उनकी जमीनी हकीकत और चुनौतियों की सटीक रिपोर्ट भी जरूरी होगी। खास बात यह रही कि पूर्व सुशासन सहयोगियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि फील्ड में काम करते समय किन समस्याओं का सामना करना पड़ा, किस स्तर पर सहयोग मिला और किन क्षेत्रों में अभी और सुधार की जरूरत है।
दरअसल हरियाणा के मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने चंडीगढ़ में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत अलग-अलग बैच के मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगियों (CMGGA) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने Narendra Modi के “विकसित भारत-2047” विजन को धरातल पर साकार करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने सभी सहयोगियों से कहा कि वे अपने कार्यक्षेत्र से संबंधित विस्तृत ब्रीफ नोट मुख्यमंत्री कार्यालय को उपलब्ध करवाएं। रिपोर्ट में यह स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाए कि फील्ड में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा, संबंधित अधिकारियों का सहयोग कैसा रहा, कौन-कौन से प्रोजेक्ट प्रभावी रूप से आगे बढ़े और किन क्षेत्रों में अभी और काम करने की जरूरत है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष कई सुझाव भी रखे गए। माना जा रहा है कि इन फील्ड रिपोर्ट्स के आधार पर सरकार आने वाले समय में योजनाओं और प्रशासनिक कार्यशैली में सुधार को लेकर नए कदम उठा सकती है।

