Haryana News, लुधियाना। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के दोबारा कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। लुधियाना पहुंचे मुख्यमंत्री सैनी ने स्पष्ट किया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह भाजपा परिवार का अहम हिस्सा हैं और वे कहीं नहीं जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों में भाजपा कैप्टन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और राज्य में अपनी सरकार बनाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लुधियाना के गुरुद्वारा श्री अमरदास साहिब में माथा टेका और गुरुओं की लासानी शहादत को नमन किया। उन्होंने कहा कि गुरुओं के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा साहिब के लिए 5 लाख रुपये की सेवा राशि देने का एलान भी किया।
महंगाई पर सरकार का बचाव, कहा- खाड़ी देशों की जंग का असर
देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर विपक्ष के हमलों का जवाब देते हुए सीएम सैनी ने सरकार का बचाव किया। उन्होंने इसे एक वैश्विक समस्या बताते हुए कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण कच्चे तेल के दामों में इजाफा हुआ है, जिसका असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश का पैसा विदेशों में जाने से रोकने के लिए सरकार अब तेजी से लोगों को इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

