कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ मंदिर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लेकर जाने वाली विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि से सोमनाथ महादेव के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन को रवाना करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर भारत की आस्था, स्वाभिमान और संघर्ष की अद्भुत पहचान है।
उन्होंने बताया कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ मनाया जा रहा है, जो जनवरी 2027 तक चलेगा। इस श्रृंखला में राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। हरियाणा में भी पिहोवा स्थित अरुणाय संगमेश्वर महादेव मंदिर में राज्य स्तरीय आयोजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कारणों से कोई भी श्रद्धालु तीर्थ यात्रा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत पहले भी अयोध्या धाम , प्रयागराज और श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए विशेष रेल और बस सेवाएं संचालित की जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने रेलवे विभाग और आयोजन से जुड़े अधिकारियों का आभार जताते हुए श्रद्धालुओं से भगवान सोमनाथ के चरणों में हरियाणा और देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करने का आग्रह किया।

