कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इससे निपटने की जिम्मेदारी किसी एक राजनीतिक दल की नहीं है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान का असली उद्देश्य युवाओं को इस संकट से बचाना और आने वाली पीढ़ी के लिए सुरक्षित भविष्य तैयार करना है।
मुख्यमंत्री सोमवार को पंजाब के फाजिल्का जिले के अरनीवाला में आयोजित नशा मुक्ति यात्रा के चौथे चरण के कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को व्यापक जनभागीदारी से मजबूत करने की अपील की।

सैनी ने बताया कि 18 सितंबर से शुरू हुई नशा मुक्ति यात्रा 30 सितंबर तक चलेगी। इस दौरान करीब 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता को केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित रखने के बजाय समाज के हर वर्ग को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
‘छह महीने में नशा खत्म करने का किया था वादा’
मुख्यमंत्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान छह महीने में नशा खत्म करने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार के कार्यकाल के अंतिम दौर में भी यह समस्या गंभीर बनी हुई है। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार के वादों का भी जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए।
सैनी ने कहा कि पंजाब के कुछ उद्योगपति जब चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री निवास पर उनसे मिले और हरियाणा में उद्योग लगाने की इच्छा जताई, तो उन्होंने उन्हें पंजाब में ही निवेश करने की सलाह दी। उनका कहना था कि पंजाब में उद्योग स्थापित होने से वहीं के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब में बदलाव की इच्छा दिखाई दे रही है और आने वाले समय में भाजपा की सरकार बनने की उम्मीद जताई। उन्होंने इसी दौरान हरियाणा में सरकारी भर्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार देने पर जोर दिया है।
नशामुक्ति के लिए उपचार के साथ रोजगार और खेल पर जोर
नायब सैनी ने कहा कि नशे की समस्या का समाधान केवल पुलिस कार्रवाई से नहीं हो सकता। इसके लिए नशा मुक्ति, उपचार और पुनर्वास के साथ युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा खेलों से जोड़ना भी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से मुफ्त उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार युवाओं को खेल और दूसरी सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी काम कर रही है, ताकि वे नशे की गिरफ्त से दूर रह सकें।
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की दूसरी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दिलाने, प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक मदद देने और फसलों की खरीद का भुगतान समय पर करने पर जोर दिया जा रहा है। गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान उपलब्ध कराने की बात भी उन्होंने कही।
सैनी ने कहा कि नशे से लड़ाई को केवल कानून-व्यवस्था का विषय मानने के बजाय युवाओं के भविष्य से जोड़कर देखना होगा। शिक्षा, रोजगार, खेल और विकास के अवसर बढ़ाकर ही नशामुक्त समाज की मजबूत नींव तैयार की जा सकती है। उन्होंने पंजाब के लोगों से इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



