Sonam Wangchuk Hunger Strike: नीट पेपर लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्र सरकार से आश्वासन मिलने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया है। गुरुवार (23 जुलाई) देर रात गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा (JP Nadda) और जितेंद्र सिंह (Jitendra Sindh) ने वांगचुक से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान दोनों केंद्रीय मंत्रियों ने सरकार की ओर से वांगचुक को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई और संवाद का भरोसा दिलाया। इसके बाद वांगचुक ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त करने का फैसला किया।

सोनम वांगचुक द्वारा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त किए जाने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए केंद्र सरकार के रुख और समाधान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पोस्ट में लिखा, “केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा एवं डॉ. जितेंद्र सिंह ने गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में सोनम वांगचुक से मुलाकात कर विद्यार्थियों से जुड़े विषयों पर सरकार का स्पष्ट दृष्टिकोण और समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इसके उपरांत वांगचुक जी ने अपना अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।”

सोनम वांगचुक द्वारा अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त किए जाने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे छात्रों के हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता में विश्वास का प्रतीक बताया। सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा, “सोनम वांगचुक का यह फैसला छात्रों के हितों के प्रति मोदी सरकार की प्रतिबद्धता में उनके विश्वास को दर्शाता है। सरकार ने बार-बार स्पष्ट किया है कि पेपर लीक जैसी घटनाओं के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने के लिए आवश्यक सुधार किए जाएंगे तथा इस विषय पर संसद में विस्तृत चर्चा के माध्यम से सार्थक समाधान सुनिश्चित किए जाएंगे।”

युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मिलेगी सजा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में आगे लिखा, “देश के युवाओं के हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है, भारत की युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है और देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रत्येक दोषी को दंड दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य की सुरक्षा और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m