जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने आज राजधानी के 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। डीएमआरसी ने इससे पहले गुरुवार को 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखा था, जबकि शुक्रवार को बंद स्टेशनों की संख्या बढ़ाकर 17 कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला सुरक्षा संबंधी चिंताओं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर लिया गया है।
CJP के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशन आज यानी 24 जुलाई को भी बंद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लगातार तीसरे दिन इन स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) के अनुसार, सभी 17 मेट्रो स्टेशन शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। यह फैसला सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर एहतियात के तौर पर लिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। हालांकि, बंदी के दौरान राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इन स्टेशनों पर यात्री प्रवेश या निकास नहीं कर सकेंगे।
कौन-कौन से मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद?
डीएमआरसी के अनुसार, सुरक्षा कारणों से शुक्रवार, 24 जुलाई को निम्नलिखित 17 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रहेंगे लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान.
3 मेट्रो स्टेशनों पर मिलेगी सिर्फ इंटरचेंज की सुविधा
डीएमआरसी के अनुसार, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए केवल इंटरचेंज (लाइन बदलने) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हालांकि, इन स्टेशनों पर यात्रियों को प्रवेश और निकास की अनुमति नहीं होगी। जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी वजह से बुधवार और बृहस्पतिवार को भी इन स्टेशनों समेत कई मेट्रो स्टेशनों को लंबे समय तक बंद रखा गया था। इसके चलते कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और अन्य यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
14 घंटे बाद खुले थे तीन मेट्रो स्टेशनों के गेट
इससे पहले बृहस्पतिवार को केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस और राजीव चौक मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार करीब 14 घंटे बाद शाम के समय खोले गए थे। हालांकि, सुरक्षा कारणों से अन्य कई मेट्रो स्टेशन पूरे दिन बंद रहे। स्टेशनों के बंद रहने से बड़ी संख्या में यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी। कई लोगों ने मेट्रो के बजाय सड़क मार्ग का सहारा लिया, जिससे राजधानी के विभिन्न इलाकों में यातायात का दबाव भी बढ़ गया।
इससे पहले सोमवार को भी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशनों को कुछ घंटों के लिए बंद किया गया था। जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को देखते हुए पिछले कुछ दिनों से समय-समय पर मेट्रो सेवाओं और स्टेशन संचालन में बदलाव किए जा रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


