उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। सीएम सम्राट चौधरी आज रविवार (12, जुलाई) को मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने 1047.9 करोड़ की लागत वाली विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसके साथ मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी का पहला योजना सिकंदरपुर लेक फ्रंट का भी लोकार्पण किया।
इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी के साथ दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव और केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ राजभूषण चौधरी के अलावा कई नेता और अधिकारी मौजूद रहें।
आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी बनाने का ऐलान
सीएम सम्राट चौधरी ने इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जिले में आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग की स्पेशलाइज्ड यूनिवर्सिटी बनाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि, यह सिर्फ एक संस्थान नहीं होगा, बल्कि बिहार को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाला बड़ा कदम साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि, आर्किटेक्चर की पढ़ाई करने के लिए छात्रों को देश के दूसरे राज्यों में जाना पड़ता था, लेकिन अब हमारे छात्र बिहार में ही रहकर इस विश्वस्तरीय शिक्षा की पढ़ाई कर सकेंगे। सरकार इस दिशा में जल्द ही काम करेगी।
बिहार में पैसों की कमी नहीं- सीएम
इसके अलावा सीएम सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि बिहार में पैसों की कोई कमी नहीं है। एनडीए की सरकार लगातार विकास कार्यों के साथ बड़े पैमाने पर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी पैसे खर्च कर रही है। यदि सरकार का खजाना खाली होता तो सरकार इतने पैसे कहां से खर्च करती? उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान जनता के कल्याण और राज्य के समग्र विकास पर है।
ये भी पढ़ें- ‘वोट लोग करते हैं, हाथी-घोड़ा नहीं’, PK के पटना जू पहुंचने पर नीरज कुमार का तीखा हमला

