कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर आज रविवार (12 जुलाई) की सुबह पटना जू पहुंचे, जहां उन्होंने घूमने आए लोगों से बातचीत की। प्रशांत किशोर का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे पटना जू में घूमने आए लोगों से वोट मांगते हुए भी नजर आ रहे हैं। अब इसे लेकर बिहार में सियासत भी शुरू हो गई है।

पीके को बताया राजनीति का छुरछुरी पटाखा

दरअसल जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर के पटना जू जाने और लोगों से वोट मांगने पर तीखा तंज कसा है। बयान जारी करते हुए नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर को राजनीति का छुरछुरी पटाखा बताया और पूछा कि, उनका चुनाव चिन्ह क्या है बैंगन की टमाटर….टेबल की कुर्सी। राजनीति का हालत यह हो गया है कि वे जैविक उद्यान पटना पहुंच गए। पटना जू में तो पूरे बिहार से लोग पहुंचते हैं। उनसे वोट मांग रहे थे या गिद्ध, घोड़ा, हाथी, बाघ से….या पेड़ से। किससे वोट मांग रहे थे।

‘वोट लोग करते हैं, पेड़-पौधे नहीं’

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि, वोटर घर में रहता है। उनके सामने नतमस्तक होइए। ये तो पटना जू में चील और कौओं के सामने नतमस्तक हो रहे हैं… पता नहीं उन्हें पता भी होगा कि नहीं कि वोट लोग करते हैं, जानवर या पेड़ पौधे नहीं। कौन समय देगा इन्हें, जिन्हें मॉर्निंग वॉक करना है। रविवार का दिन है, वो आपके लिए अपना समय बर्बाद करेगा।

नीरज कुमार ने यह भी कहा कि, मोहल्ला में जाते हैं, तो लोग उनकी सुनते नहीं हैं, तो अब ये पेड़-पौधे और जानवर को ही अपनी बात सुना रहे हैं। कोई फायदा नहीं है।

अब तक 11 प्रत्याशियों ने किया नामांकन

बांकीपुर उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी अब अपने चरम पर पहुंच गई है। कल सोमवार (13 जुलाई) को उपचुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन है। नामांकन के अंतिम दिन जन सुराज से प्रशांत किशोर और भाजपा के उम्मीदवार नीरज सिन्हा अपना-अपना पर्चा दाखिल करेंगे। शनिवार तक बांकीपुर उपचुनाव के लिए कुल 11 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया है।

बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी ने अंतिम समय में बड़ा उलटफेर करते हुए नीरज सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले बीजेपी के प्रत्याशी अभिषेक सिन्हा ने बीते शुक्रवार को पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया था।

बांकीपुर उपचुनाव कार्यक्रम

  • नामांकन प्रक्रिया- 6 जुलाई से शुरू होकर 13 जुलाई तक।
  • नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई।
  • 30 जुलाई को होगा मतदान।
  • 3 अगस्त को आएगा चुनाव का परिणाम।

ये भी पढ़ें- ‘मेरे बेटे के साथ साजिश हुआ’, नामांकन वापस लेने पर अभिषेक सिन्हा के पिता का बड़ा बयान